शुक्ला अस्पताल की लापरवाही से हुई थी महिला की मौत
राजनांदगांव। शहर के शुक्ला मल्टी स्पेशलिटी हास्पिटल में टांका खुलवाने आई महिला का दोबारा आपरेशन कर देने और इस दौरान महिला की मौत हो जाने के बाद अब साहू समाज भी आक्रोश में आ गया है।
जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू ने आज पदाधिकारियों के साथ मिलकर एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एडिशनल एसपी से चर्चा करते हुए कहा कि शुक्ला अस्पताल में इलाज के दौरान द्रोपती साहू की मौत हुई है जो अस्पताल की लापरवाही का परिणाम है।
जिला साहू संघ के अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि आज निजी अस्पताल की लापरवाही की वजह से समाज के पदाधिकारी पिलूराम साहू की धर्मपत्नी द्रोपती साहू की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि पूरा समाज परिवार के साथ है और अगर न्याय नहीं मिला तो समाज द्वारा प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए और परिजनों को न्याय दिलाया जाए।
युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने सर्व सामाज से आह्वान किया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते साहू समाज की महिला की मौत हुई, आने वाले समय में किसी के साथ भी ऐसी घटना का दोहराव न हो, इसालिए दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर सभी समाज और दल को ऐसे अस्पताल के खिलाफ आगे आना चाहिए।
