सभी वार्डों में महापौर, पार्षदों और भाजपा नेताओं ने चलाया अभियान
राजनांदगाँव। शहर में आज बडे़ पैमाने पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। शहर के करीब सभी वार्डों में महापौर, पार्षदों और भाजपा नेताओं ने डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के मौके पर सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
शहर के शीतला माता वार्ड के पार्षद और नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन शैंकी बग्गा ने बताया कि आज 15 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री, वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष और राजनांदगाँव विधायक डॉ. रमन सिंह जी के जन्मदिन के अवसर में राजनांदगांव शहर के पूरे 51 वार्ड में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि वे सुबह 7 बजे से 9 बजे तक वार्ड नं 14 बलराम दास वार्ड मे स्थित आटो स्टेंड मे और वार्ड नं 24 शीतला माता वार्ड में स्थित नेहरू पार्क के सामने स्वच्छता अभियान में सम्मिलित हुए।
स्वच्छता अभियान मे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठजन, पदाधिकारीगण, बूथ अध्यक्षगण, बूथ एवं मंडल के सदस्यगण और वार्ड के जनमानस ने भी भाग लिया। नगर निगम स्वास्थ्य विभाग से स्वच्छता दीदीया और स्वच्छता मित्रों ने भी अभियान में सहयोग प्रदान किया। हर वार्ड में 1 घंटा श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्तागण, नगर निगम के महापौर एवं पार्षदगणों ने डॉ. रमन सिंह को अपनी तरफ से अनोखा एवं अद्वितीय उपहार देने का प्रयास किया।
