वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने कहा- धन की देवी मां लक्ष्मी सबके घर में सुख समृद्धि लाएं
राजनांदगांव। दीपों के इस पावन पर्व दीपावली पर नगर निगम के भाजपा वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जैसे हम अपने घरों की सफाई में कोई कमी नहीं छोड़ते, वैसे ही मन की भी सफाई आवश्यक है। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक इस पर्व को नशा, जुआ और आपसी कलह से दूर रहकर प्रेम, सौहार्द और मेलजोल के साथ मनाएं।
वर्मा ने कहा कि दीपावली का असली अर्थ केवल घरों को रोशनी से जगमगाना नहीं बल्कि अंधकार रूपी नकारात्मकता को भी मन से दूर करना है। उन्होंने कहा कि यह पर्व अच्छाई पर बुराई की जीत का प्रतीक है इसलिए हर व्यक्ति को अपने भीतर के अहंकार, लोभ और ईर्ष्या को मिटाने का प्रयास करना चाहिए।उन्होंने बच्चों की सुरक्षा पर भी जोर देते हुए कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को पटाखे फोड़ते समय हमेशा अपनी देखरेख में रखें और उन्हें सावधानी बरतने की सीख दें ताकि कोई अनहोनी न हो। दीप जलाते समय भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। वर्मा ने बताया कि नगर निगम कर्मचारियों को वेतन भुगतान और राज्य शासन द्वारा कर्मचारियों को पगार मिलने से बाजार में रौनक लौट आई है। किसानों के लिए भी यह समय महत्वपूर्ण है इस बार फसल अच्छी होने की खबर है हालांकि खाद और दवाओं के बढ़े खर्च से कुछ किसान मायूस दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की असली खुशी 15 नवंबर के बाद धान खरीदी सीजन में देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें लगातार नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिला रही हैं। दिवाली से पहले किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिलने की पूरी संभावना है, वहीं महतारी वंदन योजना की राशि भी माताओं-बहनों के खातों में पहुंच चुकी है। वर्मा ने आगे कहा कि हमें अपनी छत्तीसगढ़ की मूल संस्कृति और परंपराओं को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ के नारे को दोहराते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की, ताकि समाज, प्रदेश और देश आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष की दिवाली और भी खास होगी, क्योंकि तब प्रधानमंत्री की पीएम सूर्य घर योजना’ के तहत हर घर और आंगन सौर ऊर्जा की बतियों से जगमगाएंगे। उन्होंने कहा कि अगली दिवाली में घरों में दिए ही नहीं बल्कि सूर्य घर योजना की रोशनी से भी हर आंगन प्रकाशित होगा।
