राज्योत्सव के आयोजन से छत्तीसगढ़ महतारी और मिनी माता की फोटो नदारद
राजनांदगांव। राज्योत्सव पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महतारी और मिनीमाता की तस्वीर न होने पर कांग्रेस और युवक कांग्रेस ने अनूठा विरोध प्रदर्शन किया और मंच पर छत्तीसगढ़ महतारी और मिनीमाता की तस्वीर रखकर पूजा अर्चना की।
शहर के म्युनिसिपल स्कूल ग्राउंड में शासन द्वारा तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ रजत जयंती उत्सव मनाया जा रहा है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव निखिल द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता उक्त कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ महतारी का चित्र न होने की शिकायत मिलने पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे तथा सभी स्टाल का भ्रमण किया। वहां कई स्टाल खाली भी दिखे लेकिन सबसे शर्मनाक बात यह दिखी कि एक भी जगह छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं थी। न ही राज्य की प्रथम महिला सांसद मिनिमाता की कोई तस्वीर दिखी जबकि नेताओं जैसे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्री, डॉ रमन आदि की तस्वीर बराबर हर स्टाल पर दिखी।
इसपर कड़ी आपत्ति जताते हुए द्विवेदी सहित कांग्रेसियों ने स्वयं छत्तीसगढ़ महतारी एवं मिनी माता के तैलचित्र मंच के बीच में लगाकर पूजा अर्चना की। तत्पश्चात मीडिया को संबोधित करते हुए निखिल ने कहा कि बात हे सम्मान के, छत्तीसगढ़िया अभिमान के और छत्तीसगढ़िया के अभिमान पर बात जब आयेगी तो कांग्रेस लड़ाई लड़ेगी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़िया मान बढ़ाया। हर तीज त्यौहार सीएम हाउस में मनाया गया। हर जगह छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमाएं और हर एक शासकीय कार्यालय में फोटो लगवाई। साथ ही अरपा पैरी के धार राजगीत बनाया लेकिन आज की भाजपा सरकार केवल अपने नेताओं की फोटो लगाना जानती है और छत्तीसगढ़ियों से कोई मतलब नहीं रह गया है। आज हमने शांतिपूर्वक रूप से चित्र लगाकर पूजा अर्चना की है। अगर उपराष्ट्रपति के आने से पहले नेताओं से बड़ी प्रतिमा छत्तीसगढ़ महतारी की नहीं लगी तो उग्र आंदोलन होगा।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा ने कहा कि पूर्व में भी भाजपा की डॉ रमन सिंह की सरकार ने कभी छत्तीसाढ़ियावाद को न बढ़ावा दिया न सम्मान किंतु जब भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने, उन्होंने छत्तीसगढ़ की परम्परा को विश्व स्तर पर पहचान दी। आज वापस भाजपा सरकार एक एक कर के सभी वह सभी चीजें बंद कर रही हैं। इसी क्रम में राज्योत्सव से छत्तीसगढ़ महतारी का चित्र गायब है। नवीन विधानसभा भवन से प्रथम महिला सांसद मिनिमाता का नाम गायब है। उनका भी चित्र राज्योत्सव से गायब है। इससे भाजपा का छत्तीसगढ़ की संस्कृति और महिला विरोधी चेहरा स्पष्ट रूप से सामने है।
उक्त प्रदर्शन में युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी, सहित कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष एनएसयूआई विप्लव शर्मा, सौरभ तिवारी, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष संदीप सोनी, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष परमानंद वर्मा, केशव पटेल, शेखर मालेकर, ख़ेम सिंह, हर्ष साहू, मोहित कोचरे, दीनू साहू, सूरज शर्मा, विपिन मड़वे, सैफी, दुर्गेश निर्मलकर, दीपक सोनकर, डोमन सोनकर, तोमेश साहू आदि उपस्थित रहे।
