रायपुर एयरपोर्ट का वीडियो हुआ वायरल
रायपुर। प्रदेश की राजधानी से एक चौंकाने वाली और वर्दी के सम्मान से खिलवाड़ करने वाली खबर सामने आई है। रायपुर एयरपोर्ट में पहुंचे बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का एक पुलिस कर्मी का पुलिस की वर्दी पहने और अपने जूते उतारकर सैल्यूट करते और झूककर पैर पड़ते हुए वीडियो वायरल हुआ है।
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कथा करने मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री पहुंचे। हवाई जहाज से धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री रायपुर पहुंचे लेकिन रायपुर एयरपोर्ट पर एक चौंकाने वाली और हैरान करने वाली घटना हुई। आमतौर पर किसी भी सम्मानित व्यक्ति के आगमन पर उनका पुष्पगुच्छ से स्वागत किया जाता है या फिर सम्मान देने के लिए उन्हें सैल्यूट भी किया जाता है लेकिन एक पुलिस कर्मी (किस रैंक के हैं या किस पद पर हैं ज्ञात नहीं) ने इससे कहीं आगे बढ़कर हरकत कर दी। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।
बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश धीरेन्द्र शास्त्री को रिसीव करने कैबिनेट मंत्री गुरू खुशवंत साहेब स्वयं पहुंचे थे। प्लेन से सबसे पहले मंत्री उतरे, जिन्हें वहां तैनात पुलिस कर्मी ने सैल्यूट किया। इसके बाद धीरेन्द्र शास्त्री प्लेन से बाहर आए। इसा दौरान वहां मौजूद उस पुलिस कर्मी ने तुरंत अपनी टोपी और जूते उतारे। बाबा को सैल्यूट किया और फिर झुककर उनके पैर छुए।
