आर्टिका कार में मध्यप्रदेश निर्मित शराब छोड़कर भागा था तस्कर
तुमड़ीबोड़ पुलिस और साइबर सेल को मिली सफलता
राजनांदगांव। पुलिस ने 12 जनवरी को पकडी़ गई शराब की तस्करी के मामले में फरार आरोपी अरविंद साहू को भिलाई से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अवैध शराब के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में तुमड़ीबोड़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शराब जब्ती मामले में फरार मुख्य आरोपी को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घटना 18 जनवरी 2026 की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे पर अवैध शराब की बड़ी खेप जा रही है। सूचना पर तुमड़ीबोड़ चौकी प्रभारी दिलीप पटेल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम कोहका के पास घेराबंदी की। इस दौरान एक आर्टिका कार (क्रमांक CG 08 BC 5628) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 16 पेटी (147 बल्क लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब भरी मिली। पुलिस ने मौके से शराब, कार और मोबाइल सहित कुल 12,22,096 रुपये का मशरुका जब्त किया था।
घटना के बाद से ही तस्करी में संलिप्त आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लालबाग (चौकी तुमड़ीबोड़) में अपराध क्रमांक 33/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने आज 23 जनवरी को आरोपी अरविंद साहू निवासी भिलाई, जिला दुर्ग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
