एक्वाथलॉन चैम्पियनशिप 2025 में निभाई सहभागिता
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी छवि शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर राजनांदगाँव सहित प्रदेश का नाम रोशन किया है। छवि को इंडियन ट्रायथलॉन फेडरेशन द्वारा आयोजित सब-जूनियर एवं जूनियर नेशनल एक्वाथलॉन चैम्पियनशिप 2025 में सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। यह प्रतियोगिता 10 से 11 अक्टूबर 2025 तक तुलसी नगर भोपाल (मध्यप्रदेश) में आयोजित की गई।
इस चैम्पियनशिप में देशभर के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। छवि शर्मा ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपने समर्पण व खेल भावना से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इंडियन ट्रायथलॉन फेडरेशन के अध्यक्ष टीएस कृष्णास्वामी, महासचिव नवीन कोहली व संयुक्त सचिव जेपी शर्मा ने उन्हें यह प्रमाण पत्र प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ खेल जगत ने छवि शर्मा की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। छवी शर्मा नीरज पब्लिक स्कूल पेण्डी में आठवीं की छात्रा है और अधिवक्ता नरेश शर्मा की पुत्री हैं।
