जल्द लौटेंगे राजनांदगाँव विधायक और विधानसभा अध्यक्ष
राजनांदगाँव। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष और राजनांदगाँव विधायक डॉ रमन के स्लिप डिस्क का आज तमिलनाडु के कोयंबटूर में सफल ऑपरेशन हो गया है। वे वहां कुछ दिन और डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।
राजनांदगाँव विधायक डॉ रमन को बीते कुछ समय से स्लिप डिस्क की समस्या थी। अभी कुछ दिन पूर्व ही वे अपनी कमर संबंधी यानि स्लिप डिस्क के उपचार के लिए तमिलनाडु के कोयंबटूर गए हैं। जानकारी के अनुसार डॉ रमन सिंह के स्लिप डिस्क का आज यानि 25 फरवरी को ही सफलतापूर्वक ऑपरेशन हो गया है और वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। खबर है कि जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी और वे पुन: लोगों के बीच मौजूद होंगे। कोयंबटूर में डॉ रमन के साथ उनकी पत्नी वीणा सिंह और पुत्र पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित उनका निजी स्टाफ भी मौजूद है। आज ही डॉ रमन सिंह ने ऑपरेशन के बाद ट्विट कर अपने इलाज के बारे में बताया है।
डॉ रमन सिंह ने लिखा है कि आज तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित हॉस्पिटल में मेरे कमर संबंधी (स्लिप डिस्क) समस्या का ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ है और चिकित्सकों के परामर्श अनुरूप मैं स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहा हूँ। आप सभी की मंगलकामनाओं के लिए आभारी हूँ I
