मेंहदी उत्सव से होगा शुभारंभ, सुंदरकांड पाठ से गूंजेगा श्री हनुमान श्याम मंदिर परिसर
राजनांदगांव। खाटू वाले श्याम प्रभु का पंच दिवसीय जन्मोत्सव कल 29 अक्टूबर से स्थानीय श्री हनुमान श्याम मंदिर में भक्तिभाव और उल्लास के साथ प्रारंभ होगा। श्री श्याम भरोसे परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन के लिए मंदिर परिसर को अत्यंत सुंदर सजावट के साथ श्रीरामेश्वर धाम के स्वरूप में सुसज्जित किया गया है।
29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। 29 अक्टूबर को श्री श्याम नाम की मेंहदी उत्सव, 30 अक्टूबर को निशान यात्रा, 31 अक्टूबर एवं 1 नवंबर को भव्य भजन संध्या और 2 नवंबर को महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है।
संगीतमय सुंदरकांड से होगी शुरुआत
29 अक्तूबर शाम 8:01 बजे से सुप्रसिद्ध हनुमंत भक्त गणेश मिश्रा और उनके साथियों द्वारा संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने नगर की मातृशक्ति एवं सभी श्याम प्रेमियों से अनुरोध किया है कि वे मेंहदी उत्सव में शामिल होकर श्याम नाम की मेंहदी अपने हाथों में रचवाएं।
श्री श्याम भरोसे परिवार की सदस्याएँ दीपा राजेश शर्मा, सुनीता संतोष बावरिया, वंदना बंशी अग्रवाल, स्वाति योगेश लोहिया, रिंकू गणेश मिश्रा, भावना घनश्याम अग्रवाल, दीप्ति ओमप्रकाश अग्रवाल और प्रीति शंकर खंडेलवाल ने बताया कि कार्तिक शुक्ला एकादशी को श्याम प्रभु का जन्मोत्सव हर वर्ष भक्ति एवं श्रद्धा से मनाया जाता है। उन्होंने नगरवासियों से तन, मन, धन से सहयोग कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
महोत्सव का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का प्रसार है। आयोजकों ने संदेश दिया “श्याम प्रभु का आशीर्वाद सब पर बना रहे, और भक्तिभाव से नगर में सौहार्द का दीप प्रज्वलित हो।”
