राजनांदगांव। जिला कलेक्टर कार्यालय के ठीक सामने स्थित फ्लाईओवर के नीचे हर शाम शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। यह स्थान अब असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। स्थानीय क्षेत्रवासियों ने बताया कि यहां लाइट की व्यवस्था न होने के कारण अंधेरे का फायदा उठाकर शराबी खुलेआम शराब का सेवन करते हैं और गंदगी फैलाते हैं।
फ्लाईओवर के नीचे हर दिन पानी के पाउच, डिस्पोजल प्लेटें और टूटी कांच की बोतलें बिखरी रहती हैं। इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने इस तरह की घटनाएं होना शहर की छवि पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए। लाइट की व्यवस्था की जाए और शराबियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि संस्कारधानी राजनांदगांव की मर्यादा बनी रहे।