श्री श्याम महिला मंडल का भव्य आयोजन
अग्रसेन भवन में होगा महोत्सव
राजनंदगांव। खाटू वाले श्याम प्रभु का जन्मोत्सव कार्तिक शुक्ल एकादशी 1 नवंबर को संपूर्ण भारतवर्ष में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। श्री श्याम महिला मंडल की स्थानीय इकाई द्वारा इस अवसर पर फागुन शुक्ल द्वादशी को श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का भव्य आयोजन अनेक वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। 2 नवंबर रविवार को श्री अग्रसेन भवन में भव्य महोत्सव की व्यापक तैयारियां की गई है।
श्री श्याम महिला मंडल की आशा जयप्रकाश अग्रवाल, पार्वती नरेंद्र शर्मा, शोभा कमलनारायण अग्रवाल, राधा पुरुषोत्तम तिवारी, भावना घनश्याम अग्रवाल, आशा रूपनारायण गुप्ता के अनुसार कार्तिक शुक्ल द्वादशी 2 नवंबर 2025 रविवार को दोपहर 2 बजे से श्री अग्रसेन भवन में संगीतमय श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का कार्यक्रम आयोजित है।
संस्कारधानी के परम श्याम सेवक आकाश शर्मा एवं शुभम शर्मा की जोड़ी द्वारा अपनी सुमधुर वाणी से श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का वाचन कर अमृत वर्षा की जाएगी। इस दौरान श्री अग्रसेन भवन को श्याम धाम के रूप में सजाया संवारा गया है। श्याम प्रभु के अलौकिक दरबार का दर्शन श्रद्धालु भक्त करेंगे। छप्पन भोग लगाया जाएगा एवं अखंड ज्योत प्रचलित की जाएगी जिसमें प्रत्येक भक्त को आहुति प्रदान करने का अवसर प्राप्त होगा।
श्री श्याम महिला मंडल आयोजन समिति ने जानकारी दी है कि मंगलपाठ सेवा के लाभार्थी ऋचा सौरभ अग्रवाल, श्रृंगार सेवा भगवती मेडिकल, छप्पन भोग की सेवा विद्या गोपाल अग्रवाल एवं बधाई सेवा के लाभार्थी मनीषा कार्तिक अग्रवाल है। समिति ने श्रद्धालु भक्त माता – बहनों एवं बंधुओ से आग्रह किया है कि श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ में उपस्थित होकर श्याम प्रभु का विशेष आशीर्वाद प्राप्त करें।
