कवर्धा की आकांक्षा ने निभाई हरमनप्रीत की टीम के फिजियोथेरैपिस्ट की भूमिका
राजनांदगाँव/कवर्धा। रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को हराकर महिला विश्वकप क्रिकेट का खिताब जीतने वाली भारतीय महिला टीम की सफलता में छत्तीसगढ़ ने भी योगदान दिया है। विश्वकप खिताब जीतने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की टीम में फिजियोथेरैपिस्ट की भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्वकप जीतने के बाद छत्तीसगढ़ के कवर्धा के विधायक और प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा कि कवर्धा जिले की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रही है।
गृहमंत्री शर्मा ने लिखा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथैरेपिस्ट एवं स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में कार्य करते हुए आकांक्षा ने खिलाडि़यों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को उच्चतम स्तर पर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है। इससे पूर्व वे छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम का भी हिस्सा रह चुकी हैं। खेल के प्रति उनकी निष्ठा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण ने इस ऐतिहासिक जीत में उनका योगदान और भी उल्लेखनीय बना दिया है।
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लिखा है कि छत्तीसगढ़ की यह होनहार बेटी आज पूरे देश का नाम रोशन कर रही है। उनकी इस प्रेरणादायी उपलब्धि पर समूचा छत्तीसगढ़ गर्व महसूस कर रहा है।
