दपुमरे नागपुर मंडल द्वारा गैर-किराया आय के नए स्रोतों पर केंद्रित समीक्षा बैठक का आयोजन
राजनांदगाँव। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल में आज 24 नवम्बर को गैर-किराया राजस्व (NFR) की प्रगति, उपलब्धियों तथा आगामी रणनीतियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय मुख्यालय बिलासपुर ने की। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता की उपस्थिति में वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नागपुर दिलीप सिंह ने वाणिज्य विभाग नागपुर मंडल की उपलब्धियों, नई निविदाओं तथा आने वाली योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस बैठक में कौशिक मित्रा उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवा) बिलासपुर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रायपुर अवधेश त्रिवेदी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक नागपुर पीवी राव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक बिलासपुर एस. भारतीयन सहित अन्य अधिकारी एवं परिवेक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस बैठक में बिलासपुर, रायपुर तथा नागपुर मंडल द्वारा गैर-किराया राजस्व (NFR) से सम्बंधित उपलब्धि एवं आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई जिसमे नागपुर मंडल में वर्ष 2025-26 में गैर-किराया राजस्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। अक्टूबर 2025 तक मंडल ने कुल 2.32 करोड़ की आय हासिल की है, जो अनुमानित लक्ष्य 1.78 करोड़ से लगभग 31% अधिक है। वार्षिक लक्ष्य 3.05 करोड़ के मुकाबले 76% की उपलब्धि प्राप्त करते हुए मंडल ने पिछले वर्ष की तुलना में कुल गैर- राजस्व आय में लगभग 63% की वृद्धि दर्ज की है।
यह उपलब्धि स्टेशन विज्ञापन, आउट-ऑफ-होम हॉर्डिंग्स, पे–एंड–यूज शौचालय, बैटरी ऑपरेटेड कार्ट, कोच रेस्टोरेंट, वेगन क्लीनिंग, स्मार्ट क्लॉक रूम तथा अन्य वाणिज्यिक सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। वर्ष 2025-26 में अब तक 19 नई निविदाएँ सफलतापूर्वक आवंटित की गई हैं, जिनसे 2.67 करोड़ से अधिक का अतिरिक्त राजस्व सुनिश्चित हुआ है, जिससे आने वाले समय में गैर-किराया राजस्व में और वृद्धि होगी।
इसके अतिरिक्त पाण्डेय ने गुप्ता के साथ नागपुर मंडल के अंतर्गत अमृत भारत स्टेशनों में जैसे की नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, गोंदिया, डोंगरगढ़, आमगाँव, चांदा फोर्ट, सिवनी तथा अन्य स्टेशनों पर AC वेटिंग हॉल, आधुनिक शौचालय, बैटरी ऑपरेटेड कार सेवा, स्मार्ट क्लॉक रूम, रेल कोच रेस्टोरेंट, प्रीमियम कैटरिंग आउटलेट, प्रमोशनल कियोस्क, गेमिंग ज़ोन एवं यात्रा-संबंधी सेवाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की। यह सभी सुविधाएँ यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ रेलवे को स्थायी राजस्व भी उपलब्ध कराएँगी।
इस बैठक में सभी मंडलों द्वारा तैयार किए गए आगामी रोडमैप पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें रेल कोच रेस्टोरेंट, मिनी मॉल/मल्टी-फंक्शनल कॉम्प्लेक्स, स्लीपिंग पॉड, गुड्स शेड पार्किंग एवं कैंटीन, बाइक पैकिंग, प्रीमियम पे–एंड–यूज शौचालय, इमरजेंसी मेडिकल रूम, ट्रेन साइड वेंडिंग, वेयरहाउसिंग एवं रोड वेब्रिज जैसी परियोजनाएँ शामिल हैं। इन योजनाओं के लागू होने से मंडल में वाणिज्यिक गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा और गैर-किराया राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
बैठक के अंत में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय ने नागपुर मंडल की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मंडल द्वारा नई परियोजनाओं और आधुनिक वाणिज्यिक मॉडल पर किए जा रहे प्रयास गैर-किराया राजस्व में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करेंगे। वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नागपुर मंडल दिलीप सिंह ने टीम को बधाई देते हुए आगे भी इसी गति से कार्य जारी रखने पर जोर दिया।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य निविदाओं में अधिक बोली दाताओं की भागीदारी, समाचार पत्रों, निविदा प्रकाशन, सोशल मीडिया प्रचार, संभावित उद्यमियों से सीधा संवाद, प्री-बिड मीटिंग एवं साइट विज़िट जैसे महत्वपूर्ण कदम से उपलब्ध परिसंपत्तियों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर टिकट चेकिंग, गैर-किराया राजस्व एवं माल लदान विभाग के कुल 9 उत्कृष्ट कर्मचारियों, परिवेक्षक, टिकट चेकिंग कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
