राजनांदगाँव के पंडित किशोरीलाल शुक्ल विधि महाविद्यालय में आयोजन
राजनांदगाँव। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में पं. किशोरीलाल शुक्ल विधि महाविद्यालय राजनांदगाँव में 25 एवं 26 नवम्बर को दो दिवसीय “विधि उत्सव – 2025” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ राजनांदगाँव के एडीजे डीआर देवांगन के करकमलों द्वारा किया जाएगा। इस आयोजन की संयोजक महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निमिषा मिश्रा हैं तथा सह-संयोजक के रूप में सुरभि अग्रवाल कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
इस दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध लेखन, क्विज प्रतियोगिता, केस एनालिसिस एवं एक्सटेम्पोर (तात्कालिक भाषण) जैसी विधिक एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में विधि ज्ञान, तर्क क्षमता, प्रस्तुतीकरण कौशल तथा संवैधानिक समझ को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम की शैक्षणिक व्यवस्था एवं संचालन में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक अल्का चौहान, प्रेरणा तिवारी, अतुल सोनी, एवं सोनाक्षी सिरवानी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं।
महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अनुरोध किया है कि वे इस विधिक एवं शैक्षणिक अवसर का लाभ उठाते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता सुनिश्चित करें, जिससे वे भारतीय संविधान, विधिक प्रक्रिया एवं व्यवहारिक ज्ञान को और अधिक गहराई से समझ सकें।
