छत्तीसगढ़ बंद का राजनांदगाँव में दोपहर तक ही रहा असर
राजनांदगाँव। कांकेर जिले के आमाबेडा़ में हुई हिंसा और कथित धर्म परिवर्तन के विरोध में छत्तीसगढ़ बंद के तहत राजनांदगाँव में भी कारोबार प्रभावित हुआ। हालाँकि यहां दोपहर बाद तकरीबन पूरा बाजार खुल गया। बंद के लिए विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल सहित कई संगठनों के लोग सुबह बाजार बंद कराने निकले और दिन में लोगों ने उनका सहयोग किया। बाद में करीब करीब सभी दुकानें खुल गईं।
छत्तीसगढ़ बंद के तहत राजनांदगाँव में बंद का ज्यादा असर नहीं रहा। शहर के भीतरी हिस्सों में और डी मार्ट सहित बडे़ व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने बंद का समर्थन किया और अपना कारोबार बंद रखा लेकिन आऊटर के हिस्सों में आधे शटर में पूरा कारोबार होता रहा। हालाँकि दोपहर बाद शहर के भीतरी हिस्सों में भी लोगों की दुकानें खुल गईं। डी मार्ट सहित बडी़ व्यापारिक प्रतिष्ठित भी दोपहर बाद खुल गईं। शहर के मध्य में मानव मंदिर होटल आज पूरी तरह बंद रहा लेकिन इस चौक के आसपास की सारी दुकानें दोपहर बाद से खुल गई थीं।
चेंबर आफ कामर्स और कैट सहित सभी व्यापारिक संगठनों द्वारा बंद को समर्थन देने के बाद भी राजनांदगाँव में बंद पूरी तरह सफल नहीं हुआ और ज्यादातर दुकानें खुली रहीं। बंद कराने वालों ने शहर की शराब दुकानों और बारों के भी शटर गिरवाए लेकिन बाद में शराब दुकानें भी खुल गईं और बार भी खुल गए। शहर के भीतर के भी कुछ हिस्सों में सुबह से पान ठेले और होटल खुले रहे।
