एसआईआर प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रथम प्रकाशन
3 हजार 15 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए
15 हजार 502 मतदाता मृत पाए गए
37 हजार 188 मतदाता अन्यत्र स्थानांतरित
राजनांदगांव। जिले में 4 नवंबर से 18 दिसंबर 2025 तक चली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रथम प्रकाशन किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यालय में जिला कलेक्टर ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची प्रदान की। एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत जिले के चार विधानसभा क्षेत्र डोगरगांव, डोगरगढ, खुज्जी और राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 8 लाख 35 हजार 810 मतदाताओं में से 7 लाख 80 हजार 905 मतदाताओं के फार्म प्राप्त हुए जबकि 55 हजार 5 मतदाताओं के फार्म प्राप्त नहीं हो सके।
जांच के दौरान 15 हजार 502 मतदाता मृत पाए गए वही 37 हजार 188 मतदाता अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके हैं तथा 3 हजार 15 मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए। अतिरिक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सीएल मार्कण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रथम प्रकाशन किया गया है। जिन मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित हुए हैं, वे 22 जनवरी 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रारूप-6 के माध्यम से पुनः अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
इस अवसर पर जिला कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर विस्तृत जानकारी दी गई तथा मतदाता सूची भी सौंपी गई। बैठक में उपस्थित कांग्रेस एवं भाजपा के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने की इस प्रक्रिया में वे भारत निर्वाचन आयोग के साथ हैं।
