फ्लड लाइट राजनांदगांव फुटबॉल लीग: तनाज अजीज अली और मोनू बहादुर सिंह थे अतिथि
राजनांदगांव। रात्रिकालीन फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन एबिस एक्सपोर्ट्स की डायरेक्टर तनाज अजीज अली ने प्रथम पुरस्कार ट्रॉफी का अनावरण किया और दोनों टीमों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा की खेल से व्यक्ति स्वस्थ रहता है। सभी को खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
तीसरे मुकाबले में भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री मोनू बहादुर सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि मैं भी आप लोगों की तरह खेलते हुए ही बड़ा हुआ हूं। खिलाड़ियों के बीच आकर अच्छा लगा। इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा अतिथि मोनू बहादुर सिंह का केक काटकर जन्मदिन भी मनाया गया।
आयोजन समिति के परवेज खान, युवराज सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं, जिससे स्वस्थ समाज और सकारात्मक ऊर्जा का निर्माण होता है। काका फुटबॉल क्लब के तत्वावधान में दूधिया रोशनी में आयोजित रात्रिकालीन राजनांदगांव फुटबॉल लीग के दूसरे दिन दर्शकों को रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले। तीन संघर्षपूर्ण मैचों में जहां पद्मावती यामाहा और ईज्जी हार्डवेयर ने शानदार जीत दर्ज की, वहीं तीसरा मुकाबला कड़े संघर्ष के बाद बराबरी पर छूटा।
दूसरे दिन के पहले मुकाबले में पद्मावती यामाहा पैंथर्स ने कड़े संघर्षपूर्ण मुकाबले में अपना मार्ट को 2–1 गोल से पराजित किया। मैच के दौरान दोनों ही टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल करने के भरसक प्रयास किए, किंतु सफलता पद्मावती यामाहा को मध्यांतर के ठीक पहले मिली। यह बढ़त अंतिम समय तक कायम रही। पद्मावती यामाहा की ओर से हिमांशु अहीर ने शानदार मैदानी गोल कर अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। इस मैच के मैन ऑफ द मैच अपना मार्ट के मोनीश जांगड़े रहे।
दूसरे मुकाबले में ईज्जी हार्डवेयर और अमृत स्ट्राइकर्स आमने-सामने रहे। पूरे मैच में दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, लेकिन मैच समाप्ति से ठीक 3 मिनट पूर्व दुष्यंत गोखे ने हेडर के जरिए शानदार गोल कर ईज्जी हार्डवेयर को 1–0 से जीत दिलाई। मैच के मैन ऑफ द मैच दुष्यंत गोखे रहे।
तीसरा और अंतिम मुकाबला पूरी तरह कश्मकश भरा रहा। दोनों ही टीमें अंतिम समय तक गोल करने में असफल रहीं। स्पर्धा के नियमों के अनुसार मुकाबला ड्रॉ घोषित किया गया और दोनों टीमों को समान अंक प्रदान किए गए। मैन ऑफ द मैच ऋषभ गहाड़े रहे। तीनों मुकाबलों के मैन ऑफ द मैच पुरस्कार बागड़ी ब्रदर्स के सौजन्य से खिलाड़ियों को प्रदान किए गए।
रात्रिकालीन फ्लड लाइट राजनांदगांव फुटबॉल लीग के तहत 4 जनवरी को दर्शकों को एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। पहला मैच 5 बजे मॉर्निंग 11 बनाम अमृत स्ट्राइकरज़, दूसरा मैच 6.10 को बोरिंग एफसी बनाम गुरुदेव एफसी, तीसरा मैच 7.10 को अपना मार्ट योद्धाज बनाम री-यूनाइटेड एफसी और चौथा मैच 8.20 को पद्मावती यामाहा बनाम हिंदू युवा मंच खेला जाएगा। आयोजन समिति ने फुटबॉल प्रेमियों से समय पर मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
