69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीडा़ का विधानसभा डॉ. रमन सिंह ने किया शुभारम्भ
राजनांदगांव। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ आज दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में किया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ध्वजारोहण कर सलामी दी। इसके पश्चात खिलाडिय़ों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शपथ दिलाई गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आसमान में गुब्बारे छोड़कर 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई और खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले विभिन्न राज्यों एवं विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के बास्केटबॉल खिलाडिय़ों का संस्कारधानी नगरी राजनांदगांव में स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में 1006 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं जिनमें 429 बालक एवं 402 बालिका खिलाड़ी हैं।
अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा ने कहा कि राजनांदगांव नगर के अनेक खिलाडिय़ों ने अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होकर जिले का मान बढ़ाया है। जिले के खेल से जुड़े युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए दिग्विजय स्टेडियम, एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सहित अन्य सौगाते मिली है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि राजनांदगांव को हमेशा से कला, कलम और कलाई की नगरी कहा जाता है। 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन एक अलंकार के रूप में एक नया रतन जड़ेगा। राजनांदगांव जिले ने देश व प्रदेश को अच्छे खिलाड़ी दिए हैं। जिले के खिलाडिय़ों ने हॉकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया है। उन्होंने जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न प्रतियोगिता एवं खेल व खिलाडिय़ों के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले को एक बैडमिंटन अकादमी एवं सीएसआर में टेनिस के लिए स्वीकृति मिली है। जिले में बॉक्स क्रिकेट की भी शुरूआत होने वाली है। कलेक्टर ने बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 11 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य देवकुमारी साहू, पूर्व विधायक विनोद खाण्डेकर, संतोष अग्रवाल, राजेन्द्र गोलछा, सौरभ कोठारी, रमेश पटेल, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम गौतम पाटिल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं खिलाड़ी व कोच उपस्थित थे।
