फ्लड लाइट में हुआ खिताबी फैसला
राजनांदगांव। वासुदेव इंफ्रा राजनांदगांव फ्लड लाइट फुटबॉल लीग प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार रात दर्शकों से खचाखच भरे स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में रोमांचक माहौल के बीच संपन्न हुआ। दूधिया रोशनी में खेले गए खिताबी मुकाबले में बोरिंग फुटबॉल क्लब ने कड़े संघर्ष के बाद काका फुटबॉल क्लब को पेनल्टी शूटआउट में पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक मुकाबला 1- 1 से बेहद रोमांचक और बराबरी का रहा। इसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से हुआ, जिसमें बोरिंग फुटबॉल क्लब ने बेहतर संयम और रणनीति दिखाते हुए जीत दर्ज की। अंतिम सीटी के साथ ही मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। मैन ऑफ द मैच प्रवेश कनोरिया रहे।
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रथम पुरस्कार ₹71,000 नकद एवं ट्रॉफी
द्वितीय पुरस्कार ₹41,000 नकद एवं ट्रॉफी दी गई। इसके साथ ही व्यक्तिगत पुरस्कार में गोल्डन बूट रेयान खान, मैन ऑफ द सीरीज प्रवेश कनोरिया, बेस्ट स्ट्राइकर पूर्वांश साहू, बेस्ट डिफेंस अनिल सिंह, बेस्ट गोलकीपर रंजीत रहे।
फाइनल मैच के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव एवं निगम चेयरमैन (राजस्व) राजा माखीजा ने विजेता और उपविजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की फ्लड लाइट फुटबॉल प्रतियोगिताएं राजनांदगांव की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दे रही हैं और युवाओं को सकारात्मक मंच प्रदान कर रही हैं।
विजेता टीम के कप्तान ने जीत के बाद कहा यह जीत पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और दर्शकों के समर्थन का परिणाम है। वहीं आयोजक काका फुटबॉल क्लब ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, प्रायोजकों, दर्शकों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
फाइनल मुकाबले से पूर्व खेले गए गर्ल्स फुटबॉल सद्भावना मैच एवं आयोजक बनाम फ्रेंचाइजी सद्भावना मुकाबले ने आयोजन को सामाजिक समरसता, खेल भावना और महिला सहभागिता का सशक्त संदेश दिया।
