मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की घोषणा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम में फिजियोथेरैपिस्ट की भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रूपए का पुरस्कार देने का एलान किया है।
मुख्यमंत्री का यह शानदार फैसला है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्वकप जीतने के बाद दूसरे दिन ही “दिशाचक्र” ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपील की थी कि मध्यप्रदेश सरकार ने टीम की खिलाडी़ क्रांति गौड़ को 1 करोड़ रूपए का पुरस्कार देने का फैसला लिया है। इससे पूर्व विश्वकप जीतने के बाद आईसीसी से मिली इनाम राशि के अलावा बीसीसीआई ने भी टीम के खिलाडि़यों और सपोर्ट स्टाफ के लिए 51 करोड़ रूपए की राशि की घोषणा की है। “दिशाचक्र” ने लिखा था कि अब एक आग्रह छत्तीसगढ़ सरकार से कि क्या टीम की सपोर्ट स्टाफ की भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी के लिए भी वह कुछ घोषणा कर सकती है। अभी राज्योत्सव चल रहा है, ऐसे समय में यदि घोषणा हो तो यह प्रदेश की आधी आबादी के लिए गर्व का पल होगा। बता दें कि आकांक्षा छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले की निवासी हैं।
और देखिए सरकार के मुखिया ने यह घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा है कि महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक विश्व कप विजय ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। उन्होंने लिखा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी जी ने फिजियोथैरेपिस्ट एवं स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ के रूप में खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी में अतुलनीय योगदान देकर देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर उज्ज्वल किया है।
मुख्यमंत्री साय ने लिखा कि आकांक्षा के समर्पण, सेवा और उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करते हुए राज्य सरकार ने ₹10 लाख की सम्मान राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।सीएम साय ने लिखा कि आकांक्षा सत्यवंशी की यह सफलता हमारे प्रदेश की सभी बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है – यह साबित करती है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएँ अब हर क्षेत्र में देश का गौरव बन रही हैं। आपको हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ।
