वन विभाग ने दोनों का किया रेस्क्
राजनांदगांव। शहर में सोमवार की रात वन विभाग की टीम के लिए बेहद व्यस्त रही। कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग स्थानों से अजगर निकलने की घटनाएँ सामने आईं। पहले गौरव पथ पर और उसके बाद नेहरू नगर स्थित लोहिया बाड़ी में 10 से 12 फीट लंबे अजगर दिखाई देने से लोगों में दहशत फैल गई।
पहली घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। जब गौरव पथ क्षेत्र में एक अजगर दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने अजगर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।
इसके लगभग डेढ़ घंटे बाद रात 9.30 बजे नेहरू नगर स्थित लोहिया बाड़ी में एक और विशालकाय अजगर दिखा। टीम ने वहाँ भी तत्परता से पहुँचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
नमी और बारिश से साँप निकलने की घटनाएँ बढ़ीं
वन अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश और मिट्टी में नमी बढ़ने के कारण अजगर एवं अन्य सांप खुले क्षेत्रों की ओर निकल रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि ऐसे हालात में डरने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें।
वन विभाग ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहें। ये जीव प्राकृतिक संतुलन के लिए आवश्यक हैं। किसी भी जंगली प्राणी को नुकसान पहुँचाने या मारने की बजाय विभाग को सूचना देना ही सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिकता का परिचायक है। यह खबर शहर के वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मण लोहिया ने उपलब्ध कराई।
