राजनांदगाँव की पहली महिला पुलिस अधीक्षक होंगी अंकिता
राजनांदगाँव। सक्ती जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा राजनांदगाँव की पुलिस अधीक्षक होंगी। अंकिता शर्मा राजनांदगाँव के मौजूदा पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग का स्थान लेंगी जिन्हें पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पर पर पदस्थ किया गया है।
छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद राजनांदगाँव की पहली महिला एसपी होंगी अंकिता शर्मा। अविभाजित मध्यप्रदेश में भी राजनांदगाँव में कोई महिला एसपी नहीं रही हैं। इस लिहाज से राजनांदगाँव जिले के इतिहास में अंकिता शर्मा पहली महिला एसपी होंगी।
2018 बैच की आईपीएस अंकिता सक्ती से पहले खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले की पुलिस अधीक्षक रह चुकी हैं। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की निवासी और कारोबारी पिता व गृहणी माँ की बेटी अंकिता ने अपनी प्रारंभिक पढा़ई सरकारी स्कूल में की थीं। स्नातक की पढा़ई के बाद स्नातकोत्तर में एमबीए करने के बाद अंकिता शर्मा ने सिविल सर्विसेस की तैयारी शुरू की और कुछ समय वे दिल्ली में रहीं। फिर दिल्ली छोड़ वापस छत्तीसगढ़ लौटी अंकिता ने यहीं से तैयारी की।
सिविल सर्विस की परीक्षा में प्रथम प्रयास में प्रिलिम्स पास करने के बाद मेन्स में चूक गईं अंकिता दूसरी बार प्रिलिम्स भी पास नहीं कर पाईं। दो बार की असफलता को पीछे छोड़कर अंकिता तीसरे प्रयास में सफल हुईं और आईपीएस बनीं। खैरागढ़ छुईखदान गंडई के बाद सक्ती की पुलिस अधीक्षक रहीं अंकिता अब राजनांदगाँव की कमान संभालेंगी। सेना में अफसर विवेकानन्द शुक्ला की पत्नी अंकिता को राजनांदगाँव में बीते कुछ समय से लचर हो चुकी पुलिसिंग को सुधारने का काम करना होगा।
