कुमुद मोहबे मेमोरियल हॉस्पिटल स्टाफ पर कार्रवाई
पूर्व में आरोपी दंपत्ति को किया गया है गिरफ़्तार
बोरतलाव पुलिस की कार्रवाई
राजनांदगाँव। नाबालिग लड़की से जन्में बच्चे का गलत जानकारी देकर नगर निगम से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में बोरतलाव पुलिस ने कुमुद मोहबे मेमोरियल हॉस्पिटल के तीन स्टाफ को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए हॉस्पिटल स्टाफ में 2 महिला और 1 पुरुष शामिल हैं। इस मामले में पूर्व में बच्चे को अवैध तरीके से दत्तक ग्रहण करने वाली दम्पत्ति को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग सें जन्मे बच्चे को अवैध रूप से दत्तक ग्रहण कर अस्पताल स्टाफ से मिली भगत कर गलत जानकारी देकर नगर निगम से जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के मामले में आरोपी दंपति को एवं विधि से संघर्षरत बालक को पूर्व में गिरफ्तार किया गया है। इसी मामले में जुटाए गए साक्ष्य के आधार पर अस्पताल के संलिप्त स्टाफ जिनके द्वारा जानकारी होते हुए भी कि वह बच्चा आरोपी दंपति का नहीं है एवं अस्पताल में डिलीवरी नहीं हुई है, स्टाफ द्वारा जन्म प्रमाण पत्र बनवाने हेतु अपराधिक शड़यंत्र कर गलत जानकारी नगर निगम में अस्पताल के माध्यम से प्रेषित कर सर्टिफिकेट बनवाने में सहयोग किया गया।
इस मामले में डॉ विजय राज नागवंशी जो कृष्ण हॉस्पिटल एवं कुमुद मेमोरियल हॉस्पिटल में RMO के रूप में कार्यरत है के कहने पर दीपिका यादव, सैमुअल धोके एवं गेशु देवांगन ने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में सहयोग किया। आरोपियों ने पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
