थाना बसंतपुर पुलिस की कार्रवाई
राजनांदगाँव। बसंतपुर पुलिस ने शेयर मार्केट में पैसे का निवेश कर कम समय में रकम दुगुना करने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रूपए की ठगी करने वाले आरोपी धनीराम सिन्हा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बसंतपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के गोकुल धाम गोकुल नगर निवासी आरोपी धनीराम पिता हीराराम सिन्हा उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 4 नग एटीएम कार्ड, 1 पासबुक औरा 3 नग मोबाइल जप्त किया गया है। आरोपी द्वारा लगभग ₹82,50,000/- की ठगी किया जाना पाया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां जेल वारंट प्राप्त होने पर जेल भेजा गया।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि कई प्रार्थियों द्वारा लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि धनीराम सिन्हा नामक व्यक्ति द्वारा शेयर मार्केट में पैसा निवेश कराने पर राशि दोगुनी कर वापस करने का झांसा देकर धोखाधड़ी की गई है। शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 592/2025, धारा 420 भा.दं.वि. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन व दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु टीम गठित कर लगातार प्रयास किए जा रहे थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद क्षेत्र में होने की जानकारी प्राप्त हुई। गठित टीम द्वारा गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी क्षेत्र में दबिश देकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम धनीराम सिन्हा बताया तथा अपराध करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना बसंतपुर के अतिरिक्त थाना डोंगरगढ़ और जिला दुर्ग में भी धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज पाए गए हैं।
