चिखली पुलिस और सायबर सेल की कार्रवाई
राजनांदगांव। पुलिस ने डब्बा मैदान और अन्य इलाकों में पिस्टल और कट्टा दिखाकर लोगों को डराने वाले कुख्यात बदमाश शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 पिस्टल और 2 देशी कट्टे बरामद किए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शंकरपुर निवासी चार्ली अपने साथियों के साथ डब्बा मैदान (कब्रिस्तान के पास) में पिस्टल और कट्टा लहराकर स्थानीय नागरिकों को धमका रहा है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में तत्काल एक टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे, जिन्हें दौडा़कर पकड़ा गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी शिवम उर्फ चार्ली ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी विक्की देशमुख के साथ मिलकर मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदे थे। इनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपना खौफ कायम करना और हथियारों की तस्करी करना था।
पुलिस ने अभियान चलाकर राजनांदगांव, दुर्ग और धमतरी से शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली (26 वर्ष, शंकरपुर) मुख्य सरगना, डिगम्बर साहू उर्फ छोटू (27 वर्ष, पेण्ड्री), सेवक कश्यप उर्फ डाला (22 वर्ष, शंकरपुर), गुंजेश वर्मा उर्फ शिवा (26 वर्ष, शंकरपुर), विक्की देशमुख उर्फ मोनू (25 वर्ष, दुर्ग) और हथियार लाने में मददगार जतीनदास मानिकपुरी (27 वर्ष, धमतरी), उमेश साहू उर्फ बठालू (26 वर्ष, धमतरी) को पकडा़ है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में हत्या का प्रयास (धारा 307), मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 2 पिस्टल, 2 देशी कट्टे, 1 जिंदा कारतूस बरामद किया है। इन सभी के खिलाफ धारा 111 (BNS) और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर इन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
