विभिन्न संस्थाओं द्वारा निकलेंगी भव्य शोभायात्राएँ
राजनांदगांव। महाशिवरात्रि पर्व पर राजनांदगांव में धार्मिक उल्लास चरम पर रहेगा। शहर में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा शिवभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शोभायात्राओं, अभिषेक पूजन और भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरा नगर शिवमय होने जा रहा है।
महाशिवरात्रि पर्व आत्मसंयम, साधना और सामाजिक एकता का पर्व है। शिवभक्ति के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन ही इस पर्व की सच्ची श्रद्धा भावना होगी।
महाशिवरात्रि के पूर्व 14 फरवरी को नगर में भव्य महाकाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में भक्त भगवान शिव के सुसज्जित स्वरूप, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आएंगे। आयोजन को लेकर युवाओं और स्वयंसेवकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
15 फरवरी महाशिवरात्रि के दिन सिंघोला मंदिर के भक्तों द्वारा पारंपरिक महाकाल पगड़ी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा श्रद्धा, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम मानी जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होते हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर सिंधी पंचायत द्वारा शिव अभिषेक, पूजा-अर्चना, महाआरती एवं शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। पंचायत पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
शहर के सत्यनारायण मंदिर में स्थापित स्फटिक शिवलिंग का महाशिवरात्रि पर आठों पहर अभिषेक एवं पूजन किया जाएगा। इस दौरान विशेष मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान होंगे, जिसमें श्रद्धालु क्रमशः सहभागिता करेंगे।
महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर के अनेक स्थानों पर शिवमय भजनों, भक्ति संगीत एवं जागरण की प्रस्तुति होगी। भजन मंडलियाँ और कलाकार भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगे।
आयोजक संस्थाओं ने नागरिकों से अपील की है कि सभी कार्यक्रमों में अनुशासन, स्वच्छता और सौहार्द बनाए रखें तथा पर्व को श्रद्धा और शांति के साथ मनाएँ।
