भक्ति, परंपरा और अनुशासन का संगम बना राजनांदगांव
राजनांदगांव। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पर्व के एक दिन पूर्व आज बाबा महाकाल की भव्य शोभायात्रा निकली। महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में भूत पिशाच और बाजे गाजे के साथ निकली शोभायात्रा के बाद कल 15 फरवरी (रविवार) को राजनांदगांव में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया है। शाम को शहर महाकालमय हो जाएगा। प्रतिवर्ष निकलने वाली महाकाल पगड़ी यात्रा पूरे वैदिक विधि-विधान और परंपरागत स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकलेगी।
महाशिवरात्रि के एक दिन पूर्व महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में बाबा महाकाल की भव्य शोभायात्रा निकली। महाकाल भक्त निखिल द्विवेदी के संयोजकत्व में निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर का भ्रमण किया। शोभायात्रा में महापौर मधुसूदन यादव सहित शहर का हर तबका सम्मिलित हुआ।
रविवार को महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान महाकाल अपने राजस्वरूप चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकलेंगे। भक्त भगवा वेश में, हाथों में ध्वज-पताका लिए, हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष के साथ यात्रा में सहभागी बनेंगे। इस वर्ष की महाकाल पगड़ी यात्रा की विशेषता यह है कि इसे पूर्णतः डीजे-मुक्त रखा गया है। यात्रा में केवल पारंपरिक वाद्य यंत्र, ढोल-नगाड़े, झांझ-मंजीरे और भजनों की गूंज सुनाई देगी,
यात्रा के दौरान अघोरी नृत्य, पंथी नृत्य, शिव तांडव की भावपूर्ण प्रस्तुति और भजन संध्या जैसी प्रस्तुतियाँ होंगी, जिन्हें पूरी तरह स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय संस्कृति और प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी। नगर भ्रमण के दौरान काली माई मंदिर में शिव-शक्ति मिलन, सत्यनारायण मंदिर में हरि-हर मिलन का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव होगा, जो सनातन एकता का प्रतीक माना जाता है।
महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकाल मंदिर सिंघोला में 15 फरवरी (रविवार):
रात्रि 3 बजे विशेष भस्म अनुष्ठान, सुबह 4:30 बजे भव्य श्रृंगार आरती होगी और 16 फरवरी (सोमवार) को सुबह 7 बजे सेहरा दर्शन, दोपहर 12:30 बजे वर्ष में एक बार होने वाली विशेष भस्म आरती की जाएगी
महाकाल पगड़ी यात्रा नंदई चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंततः महाकाल मंदिर सिंघोला पहुंचेगी, जहां यात्रा का विधिवत विश्राम होगा। आयोजक समिति के संयोजक नीलू शर्मा व पवन डागा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा को धार्मिक मर्यादा के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के प्रदर्शन से बचें। यह जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।
