छुरिया पुलिस की कार्रवाई
राजनांदगाँव। छुरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिक को बहला फुसला कर घर से भगा कर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी हेमन्त मानिकपुरी निवासी सरायपाली को रिपोर्ट लिखाने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर नाबालिग को दस्तयाब किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 6 नवम्बर को प्रार्थी ने छुरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पोती को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर ले गया है। रिपोर्ट करने पर धारा 137(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्रवाई में लिया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम के दिशा निर्देशन पर थाना छुरिया द्वारा कार्रवाई करते हुए 7 नवम्बर को पीड़िता को बरामद कर पीड़िता के कथन अनुसार आरोपी द्वारा पीड़िता से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती बना कर उसे फोन कर अपने साथ भगाकर ले जाकर पीडिता के साथ दुष्कर्म करने पर प्रकरण में धारा- 64(2)(झ) बी.एन.एस. एवं 4 पाक्सो एक्ट जोड़कर घटना कारित करने वाले आरोपी का पता तलाश कर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी हेमन्त मानिकपुरी पिता रामेश्वर मानिकपुरी उम्र 20 साल निवासी वीरेंद्र नगर, वार्ड नंबर 2, थाना सरायपाली जिला महासमुंद छत्तीसगढ़ को पूछताछ करने पर अपराध घटित करना स्वीकार करने पर आरोपी को आज 8 नवम्बर को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा जा रहा है।
