छत्तीसगढ़ ने किया नॉकआउट में प्रवेश
राजनांदगांव। बीसीसीआई की अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ प्रदेश क्रिकेट संघ की ओर से खेलते हुए अर्शवीर सिंह भाटिया ने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। ग्वालियर एवं बड़ौदा में आयोजित पूरे टूर्नामेंट के दौरान अर्शवीर ने निरंतरता के साथ खेलते हुए टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की टीम ने अपने पूल लीग मुकाबलों में दूसरा स्थान प्राप्त कर नॉकआउट राउंड में प्रवेश किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में अर्शवीर सिंह भाटिया का योगदान उल्लेखनीय रहा।
लेफ्ट आर्म चाइनामैन स्पिनर अर्शवीर ने 6 मैचों में 27 विकेट झटककर अपनी गेंदबाज़ी की धार दिखाई। उनकी सटीक लाइन-लेंथ, शानदार फ्लाइट और विविधताओं ने विरोधी बल्लेबाज़ों को लगातार परेशान किया। अपने इस प्रदर्शन के दम पर वे पूरे देश में टॉप-10 विकेट टेकर्स में शामिल रहे।
गेंदबाज़ी के साथ-साथ अर्शवीर ने बल्लेबाज़ी में भी अहम योगदान दिया। निचले क्रम में उतरकर उन्होंने 73, 47, 37 और 29 रन की उपयोगी पारियाँ खेलीं, जिससे टीम को कई निर्णायक मौकों पर मजबूती मिली और महत्वपूर्ण साझेदारियाँ बनीं।
इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के आधार पर अर्शवीर सिंह भाटिया को आने वाले समय में नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के कैंप के लिए चयन का अवसर मिल सकता है। चयन होने की स्थिति में उन्हें बीसीसीआई द्वारा नियुक्त एनसीए प्रमुख टेस्ट क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जो उनके क्रिकेट करियर के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो सकता है।
अर्शवीर भाटिया अब अंतर जिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज 12 जनवरी से दल्ली राजहरा में राजनांदगांव जिले की ओर से बिलासपुर के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।
इसी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की टीम में राजनांदगांव के ही एक अन्य खिलाड़ी उपेंद्र मरकाम ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं पर अपनी छाप छोड़ी है। यह जानकारी जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने दी।
