श्री श्याम भरोसे परिवार का आयोजन
श्री हनुमान श्याम मंदिर में हो रहा है महोत्सव
राजनंदगांव। श्री श्याम भरोसे परिवार द्वारा स्थानीय श्री हनुमान श्याम मंदिर में खाटू वाले श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर पंच दिवसीय महोत्सव 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया जा रहा है। कल चौथे दिन महोत्सव के तहत ग्वालियर के सुप्रसिद्ध श्याम दीवाने आशीष शर्मा अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे।
महोत्सव के प्रथम दिवस 30 अक्टूबर को मेंहदी महोत्सव में सैकड़ों भक्त, माता – बहनों ने अपने हाथो में श्याम नाम की मेहंदी लगवाकर अपने प्रभु के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। द्वितीय दिवस 30 अक्टूबर को श्री श्याम कुटी से भव्य निशान यात्रा निकाली गई। निशान यात्रा में माता बहनों में धर्म ध्वजा उठाने होड़ मच गई। सैकड़ों भक्तों ने बरसते पानी में नृत्य करते हुए निशान उठाकर श्याम प्रभु के जयकारे लगाए। कार्तिक शुक्ला दशमी 31 अक्टूबर को हनुमानगढ़ राजस्थान के श्याम सेवक देव चुघ ने अपनी ओजस्वी वाणी से भजनों की ऐसी अमृत गंगा प्रवाहित की, जिसमें स्नान करने भक्तों के बीच नृत्य करने की होड लग गई।
कार्तिक शुक्ल एकादशी 1 नवंबर शनिवार को श्री श्याम प्रभु का जन्मोत्सव है। जन्मोत्सव पर भव्य भजन संध्या आयोजित की गई है जिसमें ग्वालियर के सुप्रसिद्ध श्याम दीवाने आशीष शर्मा अपनी ओजस्वी वाणी से सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर अमृत गंगा प्रवाहित करेंगे।
श्री श्याम भरोसे परिवार के राजेश शर्मा, अमित खंडेलवाल, बंसी अग्रवाल, योगेश लोहिया, संतोष बावरिया, प्रशांत अग्रवाल (महाकाल भक्त), केबिनेट मंत्री नीलू शर्मा, दिलीप कुमार, आशीष सरावगी, मधुसूदन ओमप्रकाश अग्रवाल, दौलत रामचंदानी, विजय कुमार जैन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार संस्कारधानी नगरी में खाटू वाले श्याम प्रभु का जन्मोत्सव अनेक वर्षों से भक्तिभाव पूर्वक मनाया जा रहा है। श्री श्याम भरोसे परिवार द्वारा बताया गया है कि मुख्य समारोह श्याम प्रभु के जन्मोत्सव पर 1 नवंबर को भव्य भजन संध्या रात्रि 8:15 बजे से आयोजित है। ग्वालियर के सुप्रसिद्ध श्याम प्रेमी आशीष शर्मा अपनी सुमधुर वाणी से भजनों की फुहार से भक्तों को स्नान कराएंगे। भजन के दौरान संगीत की प्रस्तुति दुर्ग के सुप्रसिद्ध निर्मल ग्रुप की शानदार प्रस्तुति होगी। आयोजन समिति ने नगर के श्रद्धालु माता – बहनों एवं बंधुओ से आग्रह किया है कि श्याम जन्मोत्सव पर आयोजित चतुर्थ दिवस कार्तिक शुक्ल एकादशी को बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर आयोजित भजन संध्या में सम्मिलित होकर एवं तन – मन – धन से सहयोग कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।
