प्लांट में ठेकेदारों की पार्टी का खुलासा होने के बाद भी नगर निगम की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर उठाए सवाल
राजनादगांव। प्रतिबंधित एरिया जहां लोगों का प्रवेश वर्जित है। ऐसी जगह पर चल रही ठेकेदारों की पार्टी के विरोध में कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी की अगुवाई में मंगलवार को कांग्रेसी अपना-अपना आवेदन लेकर जिला कार्यालय पहुंचे। आवेदन के माध्यम से इस प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्टी करने, बच्चों का बर्थ डे मनाने, दिवाली मिलन का कार्यक्रम कराने की अनुमति मांगी गई।
उनका कहना था प्रतिबंधित क्षेत्र में जब ठेकदारों की पार्टी आयोजित हो सकती है तो हमें भी दीपावली मिलन, जन्मदिन, तेरहवीं जैसे कार्यक्रमों की अनुमति दी जाए। नहीं तो जिस अधिकारी ने इस आयोजन की अनुमति दी है, ऐसे अधिकारी पर कार्रवाई की जाए या पार्टी के आयोजकों पर एफआईआर दर्ज की जाए। कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने कहा है कि ऐसी जगह जहां पानी साफ होता है जो संवेदनशील एरिया है जहां से पूरे शहर को पानी सप्लाई होती है। जहां बाहर लिखा हुआ है कि प्रतिबंधित क्षेत्र है, इसके बावजूद वहां बड़ी संख्या में ठेकेदारों की पार्टी आयोजित होना शर्मनाक है। एक व्यक्ति यदि वाटर प्लांट के अंदर जाकर कोई जहर मिला दे तो शहर के हजारों लोगों की जानें एक साथ जा सकती हैं। इतनी बड़ी लापरवाही आखिर किसके आदेश पर हुई?
क्या महापौर मधुसूदन यादव ने आयुक्त को कह कर इस पार्टी का आयोजन करवाया था या किसी प्रकार की लिखित अनुमति प्रशासन द्वारा दी गई थी और यदि नहीं दी गई थी तो फिर ठेकेदारों की इस पार्टी के आयोजनकर्ता पर कार्रवाई करनी चाहिए।
निखिल ने कहा कि हम लोग भी जिला प्रशासन से जन्मदिन, दीपावली मिलन, पुन्नी मेला मिलन, तेरहवीं कार्यक्रम और अन्य कार्यक्रमों की अनुमति मांगने आए हैं। क्या प्रशासन हमें अनुमति देगा, नहीं देगा तो उन ठेकेदारों को किसने अनुमति दी? क्या ये मजाक चल रहा है या सत्ता का दबाव।
कांग्रेस नेता सूरज शर्मा ने कहा कि सरकार के नेता और अधिकारियों की सांठगांठ से निगम के ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं, क्यों कि पूरा कमीशन का खेल खुले आम चल रहा है। निगम के महापौर मधुसूदन यादव और आयुक्त अतुल विश्वकर्मा कमीशन ठेकेदारों को शह दे रहे हैं। अन्यथा अब तक कार्यवाही हो जाती। विडंबना है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के विस क्षेत्र के प्रतिबंधित वाटर प्लांट में पार्टी कर दी गई पर विस अध्यक्ष ने भी इसे संज्ञान में नहीं लिया जबकि वाटर प्लांट का एरिया शहर के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व पार्षद गणेश पवार, पूर्व पार्षद शरद पटेल, सूरज शर्मा, केशव पटेल, रीना पटेल, ललिता साहू, पायल, प्यारे, सरपंच गंभीर साहू, हर्ष साहू, दीनू साहू, युगल साहू, हर्ष खोबरागड़े, चंद्रशेखर मालेकर, ठाकुर राम साहू, सौरभ तिवारी, परमानन्द वर्मा, मोहित कोचरे,
डॉ द्विवेदी, युवराज साहू, दीपक सोनकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।
