क्यूआर कोड और लिंक द्वारा भरे जा रहे आवेदन
राजनांदगांव। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस द्वारा जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रवक्ता चयन के लिए टैलेंट हंट अभियान पूरे छत्तीसगढ़ में चल रहा है। आयोजन के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश स्तरीय एक समिति प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला के कॉर्डिनेशन में बनाई है।
टैलेंट हंट अभियान के राजनांदगांव जिला प्रभारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अजय गंगवानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि इस भाग लेने वालों के लिए एक क्यूआर कोड सहित हिंदी और अंग्रेजी भाषा में गूगल फॉर्म का एक लिंक जारी किया गया है जिसे स्कैन कर या लिंक क्लिक कर वे कांग्रेस प्रवक्ता चयन के लिए अपने आवेदन 20 नवम्बर तक भर सकते हैं। 21 से 25 नवंबर तक प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी एवं चयनित प्रतिभागियों का 25 से 30 नवंबर तक रीजनल फिजिकल इंटरव्यू लिया जायेगा। उसके पश्चात 1 से 5 दिसंबर तक फाइनल फिजिकल इंटरव्यू एवं पैनल डिस्कशन किया जायेगा।
नेशनल टैलेंट हंट के इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता चयन का मापदंड कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, स्पष्ट सोच, राजनैतिक जागरूकता, त्वरित प्रतिक्रिया, कांग्रेस और देश के इतिहास की विस्तृत जानकारी, अच्छी कम्युनिकेशन स्किल, समसामयिक विषयों में रूचि और ज्ञान, मजबूत भाषाई पकड़ तथा मीडिया फ्रेंडली होगा। प्रदेश प्रवक्ता अजय गंगवानी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ज्यादा से ज्यादा ऐसे युवाओं को कांग्रेस की प्रखर और मजबूत आवाज बनाकर जोड़ना चाहती हैं जिनमे जोश हो, जुनून हो और जो देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की कांग्रेस पार्टी की लड़ाई में महती और अहम भूमिका निभाने पूरी तरह तैयार हों। वर्तमान में केंद्र सरकार एवं प्रदेश की साय सरकार के जनविरोधी विरोधी फैसलों से छत्तीसगढ़ का आम आदमी प्रबुद्ध वर्ग, किसान, युवा, महिला, गरीब सहित हर वर्ग परेशान है और मोदी गारंटी के नाम पर खुद को ठगा हुआ सा महसूस कर रहा है जिसके चलते यह कांग्रेस प्रवक्ता चयन के इस अभियान को पूरे छत्तीसगढ़ में जबरदस्त सफलता और युवाओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
जिला प्रभारी अजय गंगवानी सहित प्रेसवार्ता में उपस्थित जिला अध्यक्षद्वय कुलबीर सिंह छाबड़ा, भागवत साहू, प्रदेश प्रवक्ता रूपेश दुबे, कमलजीत सिंह पिंटू, सह प्रभारी श्रुति शुक्ला, प्रदेश सचिव मेहुल मारू,विकास त्रिपाठी, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, अमित चंद्रवंशी, अजय मार्कण्डेय, पंकज बांधव, झम्मन देवांगन, अभिमन्यु मिश्रा, सूर्यकांत जैन, विजय राज, मानव देशमुख, नितिन बत्रा, बंटी यादव आदि ने जिले के जागरूक युवा एवं सक्रिय कांग्रेसजनो से, जो लोकतंत्र की रक्षा के लिए और सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने में तत्पर नागरिक हैं उनसे भी इस अभियान में जुड़कर कांग्रेस की आवाज बनने की अपील की है।
