“वीरू” को विदा करने “जय” सहित उमडा़ पूरा बालीवुड
अंतिम बिदाई देने जनसैलाब
राजनांदगाँव। 60 साल से अधिक के फिल्मी करियर में 350 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले सदाबहार अभिनेता और बॉलीवुड के “ही मैन” धर्मेन्द्र का निधन हो गया है। अपने जन्म के 90 बरस पूरे यानि आयु के 90 साल पूरा करने से 14 दिन पहले ही धर्मेंद्र ने दुनिया को अलविदा कह दिया।
धर्मेन्द्र का निधन पूरे बॉलीवुड के लिए बडी़ शोक की लहर लेकर आया है। अपने चहेते स्टार को अंतिम विदाई देने जनसैलाब तो उमडा़ ही, बॉलीवुड हस्तियों ने भी धर्मेन्द्र को अंतिम प्रणाम किया। फिल्मी दुनिया में धर्मेन्द्र के नाम से मशहूर धर्मेन्द्र सिंह देओल के अंतिम संस्कार में कई बॉलीवुड कलाकार शामिल हुए। उनकी सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक Sholey में उनके दोस्त की भूमिका निभाने वाले शोले के जय यानि अमिताभ बच्चन, शोले के लेखक सलीम खान, शोले की बसंती और धर्मेन्द्र की पत्नी हेमा मालिनी ने वीरू को अंतिम बिदाई दी तो सलमान खान, आमिर खान, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, अक्षय कुमार सहित अनेक लोग मुंबई के विले पार्ले श्मशान भूमि पहुंचे।
धर्मेन्द्र एक ऐसा एक्टर जो बॉलीवुड का हो कर भी कभी बॉलीवुड के मिजाज को नहीं अपना सका। वो एक्टर जिसे सत्यकाम, बंदिनी, अनुपमा, चुपके चुपके जैसी फिल्मों में काम करने के बावजूद कभी बेस्ट एक्टर की ट्रॉफी के योग्य नहीं समझा गया। वो शख्स जिसने अपनी शराब पीने की आदत को कभी नहीं छुपाया।
वो शख़्स जिसका प्रकाश कौर से शादीशुदा होने के बावजूद मीना कुमारी, हेमा मालिनी, अनिता राज के साथ नाम जुड़ा। और फिर दिलावर ख़ान बन कर उन्होंने हेमा मालिनी (आयशा बेगम) के साथ दूसरी शादी भी की। धर्मेन्द्र की पहली पत्नी से उनके चार संतान सन्नी देओल, बाबी देओल, आयशा और विजयता हैं जबकि हेमा मालिनी से उनकी दो पुत्री ईशा व अहाना हैं। धर्मेन्द्र अपने पीछे दो पत्नियों, 6 बच्चों और 13 नाती पोतों से भरा परिवार छोड़ गए हैं। वो एक्टर जो दिल से इतना नर्म था कि एक बार एक बुज़ुर्ग ने धर्मेंद्र से कहा था कि हर एक फिल्म साइन मत कर लिया कर। इस पर धर्मेंद्र ने कहा था- “कि करां मेरे कोलो ना नहीं होंदी” (क्या करूं मेरे से ना नहीं होती)। इस पर उस बुज़ुर्ग ने कहा था- शुक्र ए कि रब ने तैनू कुड़ी नहीं बनाया (शुक्र है कि भगवान ने तुझे लड़की नहीं बनाया)।
धर्मेंद्र ऐसे अभिनेता रहे जिन्होंने सबसे पहले फिटनेस की अहमियत फिल्म स्टार्स को बताई। धर्मेंद्र जब नए नए थे तो किसी ने उनसे कहा था कि फिल्मों के लिए डांस सीखना पड़ेगा। एक डांस मास्टर ने उन्हें सिखाना शुरू किया। दो महीने बाद धर्मेंद्र तो डांस नहीं सीखे, लेकिन डांस मास्टर ने शराब पीना शुरू कर दिया था।
धर्मेंद्र कभी नंबर वन नहीं रहे लेकिन वो हमेशा पीपुल्स हीरो बन लोगों के दिलों में रहे। धर्मेंद्र बिना कोई ढोल पीटे दूसरे एक्टर्स की मदद भी करते थे। शत्रुघ्न सिन्हा तो खुले आम अपने को धर्मेंद्र का मुरीद बताते रहे। अमिताभ बच्चन को ‘शोले’ में रोल धर्मेंद्र ने ही दिलाया था। इसके अलावा धर्मेंद्र ने ‘ज़ंजीर’ फिल्म की स्टोरी खरीदी होने के बावजूद छोड़ दी और अमिताभ की ये पहली सुपर हिट फिल्म रही।
पंजाब के लुधियाना जिले के साहनेवाल गांव में एक सिख परिवार किशन सिंह देओल और सतवंत कौर के घर 8 दिसम्बर 1935 को जन्मे धर्मेन्द्र एक टैलेंट हंट कार्यक्रम जीतकर बालीवुड में पहुंचे थे और उन्होंने 1960 में अर्जुन हिंगोरानी की फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से अपना अभिनय करियर शुरू किया। करियर के अगले दौर में धर्मेन्द्र ने राजनीति में भी हाथ आजमाया और उन्होंने 2004 में राजस्थान के बीकानेर से लोकसभा चुनाव जीता। हालांकि उन्हें राजनीति रास नहीं आई और उन्होंने राजनीति से किनारा कर लिया। अपने 90वें जन्मदिन 8 दिसम्बर 2025 के 14 दिन पहले 24 नवम्बर 2025 को धर्मेन्द्र का मुंबई में निधन हो गया।
धर्मेंद्र को एक बार वर्ल्ड के 100 सबसे हैंडसम पुरुषों में शुमार किया गया था। धर्मेंद्र दिखने में फौलाद थे लेकिन उनका दिल फूल जैसा था। अलविदा पीपुल्स हीरो धर्मेन्द्र।
