कार्रवाई की मांग तेज
राजनांदगांव। वैष्णव राजा द्वारा दान में दी गई राजगामी की ऐतिहासिक भूमि पर मिट्टी माफिया द्वारा अवैध कब्ज़ा और उत्खनन का मामला गंभीर रूप से सामने आया है। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर आज सुबह पूर्व पार्षद एवं युवा नेता ऋषि शास्त्री मौके पर पहुँचे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि प्रशासन की नाक के नीचे से लगभग 500 से अधिक ट्रिप मिट्टी अवैध रूप से उठाए जाने की आशंका है।
स्थानीयों ने बताया कि तीन दिन पूर्व शिकायत पर नगर निगम और पुलिस की टीम पहुँची थी, जहाँ छापेमारी के दौरान वाहन छोड़कर आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लंबे समय से JCB, हाइवा और ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध खुदाई हो रही है, जिस पर आज तक कोई कठोर कार्रवाई नहीं हुई।
मौके के हालात को देखते हुए कांग्रेस नेता ऋषि शास्त्री, प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा, युवा नेता संदीप सोनी, राहुल साहू सहित प्रतिनिधिमंडल ने राजगामी सीईओ एवं एडिशनल कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा को लिखित शिकायत सौंप कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि राजा द्वारा जनहित में दान की गई भूमि पर अवैध कब्ज़ा और मिट्टी चोरी न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और इतिहास पर सीधा प्रहार है। यदि प्रशासन ने समय पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो हमें जनआंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह अवैध उत्खनन लंबे समय से जारी है। शासकीय व ऐतिहासिक महत्व वाली भूमि को नुकसान पहुँचाकर माफिया आर्थिक लाभ कमा रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक निष्क्रियता और चुप्पी के कारण इन तत्वों के हौसले और बढ़ गए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा और युवा नेता संदीप सोनी ने कहा कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और अवैध खुदाई में प्रयुक्त सभी वाहनों को राजसात किया जाए। ऐतिहासिक भूमि को नुकसान पहुँचाने वालों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
लोगों ने स्पष्ट कहा कि यह केवल ज़मीन का मुद्दा नहीं है, बल्कि इतिहास, पहचान और विरासत की रक्षा का प्रश्न है।ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रशासन और समाज दोनों की संयुक्त भूमिका आवश्यक है।अवैध खनन और माफिया तंत्र के खिलाफ जनता एकजुट होकर आवाज उठा रही है।
स्थल पर पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री, प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा, युवा नेता संदीप सोनी, राहुल साहू, उमाशंकर सारथी, दिनेश मेश्राम, अशोक सोनकर, उमेश मेश्राम, गौकरण यादव, सुनील यादव, प्रेमु निषाद, गोलू राव मोहिते, संतोष सारथी, हना राव, अरुण वासनिक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे।
