बाल मेला के दिन स्कूल में लगेगा साप्ताहिक बाजार
राजनांदगांव/करमतरा। शासकीय किसान उच्चतर माध्यमिक शाला करमतरा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 नवंबर को परंपरागत रूप से बाल दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय में बाल मेला का आयोजन होगा, जिसमें छात्र-छात्राएं अपने हाथों से बनाए व्यंजन, हस्तशिल्प एवं सजावटी वस्तुओं के स्टॉल लगाएंगे।
बाल मेला को विशेष बनाते हुए विद्यालय परिसर में इस वर्ष साप्ताहिक शुक्रवारी बाजार भी लगाया जाएगा, ताकि बच्चों को स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों से परिचित कराया जा सके।
अंचल के जनपद सदस्य एवं शाला विकास समिति अध्यक्ष टूमन लाल साहू ने विद्यालय पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया एवं बच्चों से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कहा कि बाल मेला बच्चों की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का एक उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने छात्रों से मेहनतपूर्वक अध्ययन कर अपने माता-पिता, विद्यालय एवं गांव का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य राजेश शर्मा ने कहा कि बाल मेला बच्चों को व्यवहारिक जीवन की सीख देता है। यह समझने का अवसर कि कैसे पूंजी लगाकर लाभ कमाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में विद्यालय में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिनका पुरस्कार वितरण गणतंत्र दिवस के अवसर पर किया जाएगा।
बाल मेला की तैयारियों को लेकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणजन भी इस आयोजन को लेकर उत्साहित हैं और बच्चों को प्रोत्साहित करने की तैयारी में जुटे हैं।
