नरसिंहपुर के निवासी थे आशीष
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में कनघुर्रा जंगल में आज सुबह फोर्स की नक्सलियों के साथ जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एक अफसर के शहीद हो जाने की खबर आई है। जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के राजनांदगाँव व खैरागढ़ और मध्यप्रदेश के बालाघाट की नियमित सर्चिंग के दौरान नक्सलियों से हुई मुठभेड़ में मध्यप्रदेश के बालाघाट हॉकफोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद हो गए।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव, बालाघाट और खैरागढ़ जिलों की संयुक्त पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त व सर्च ऑपरेशन कर रही थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों की फायरिंग के दौरान इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को पैर और पेट में दो गोलियां लगीं। उन्हें तत्काल बोरतलाव पहुंचाया गया। वहां से उन्हें डोंगरगढ़ ले जाया गया। जहां मौजूद मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार दिया लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजनांदगांव रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य, एसपी अंकिता शर्मा और मध्यप्रदेश के बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा समेत दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शहीद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा मूल रूप से नरसिंहपुर जिले के निवासी थे और नक्सल मोर्चे पर उत्कृष्ट कार्य के लिए दो बार वीरता पदक से सम्मानित किए जा चुके थे।
घटना के बाद कनघुर्रा के जंगल और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। दो साल पहले 2023 में भी इसी बोरतलाव क्षेत्र में नक्सलियों ने दो पुलिसकर्मियों की हत्या की थी। लगभग दो वर्षों की शांति के बाद इस मुठभेड़ ने संकेत दिया है कि इस बेल्ट में नक्सली फिर से सक्रियता दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं।
