राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव एवं नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर निगम सभागृह में पटाखा दुकान के लिये लाटरी के माध्यम से 93 अस्थाई भूखण्ड आवंटन लायसेंसी पटाखा व्यवसायियों को किया गया। उक्त आवंटन से नगर निगम को 4 लाख 29 हजार 6 सौ 60 रूपये की आय हुई है। पटाखा दुकान म्यूनिसिपल स्कूल मैदान में लगाया जायेगा। पटाखा दुकान के लिए इच्छुक लायसेंसी पटाखा व्यवसायियों को लाटरी के माध्यम से अस्थाई भूखण्ड का आवंटन किया गया।
अस्थाई भूखण्ड आवंटन के संबंध में राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी ने बताया कि इस वर्ष पटाखा दुकान लगाने के लिए राजस्व कार्यालय में 99 आवेदन प्राप्त हुये थे, जिसमें से 93 लायसेन्सी पटाखा विक्रताओं द्वारा शुल्क का भुगतान किया गया। इस वर्ष प्रति दुकान के आवंटन शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गयी, जिसके तहत आवेदन प्राप्त कर 4620 रूपये प्रति दुकान अस्थाई भूखण्ड शुल्क जमा कराया गया, जिससे नगर निगम को 4 लाख 29 हजार 6 सौ 60 रूपये की आय हुई है। उन्होंने पटाखा व्यवसायियों से कहा कि पटाखा विक्रय के लिये शासन गाईड लाईन का पालन करते हुये, फायर सेप्टी रखना होगा। आवंटन अवसर पर कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे, राजस्व उप निरीक्षक रविन्द्र ठाकुर के अलावा राजस्व विभाग का अमला सहित फटाका व्यवसायी उपस्थित थे।
