छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय, विधानसभा अध्यक्ष डा रमन, गृहमंत्री शर्मा, सांसद पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक, पूर्व सांसद और महापौर मधुसूदन ने की प्रशंसा
राजनांदगाँव। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को विश्वकप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम की जीत पर पूरे देश सहित छत्तीसगढ़ में भी जश्न का माहौल है। छत्तीसगढ़ में जश्न इसलिए भी खास हो गया क्योंकि इस टीम से जुडी़ एक सदस्य छत्तीसगढ़ की बेटी है। छत्तीसगढ़ के कवर्धा की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरैपिस्ट की भूमिका निभाई है।
विश्वकप विजेता टीम का हिस्सा बनने पर आकांक्षा को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डा रमन सिंह, गृहमंत्री और कवर्धा के विधायक विजय शर्मा, सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व सांसद और राजनांदगाँव के महापौर मधुसूदन यादव ने बधाई दी है और कामना की है कि आकांक्षा इसी तरह अपना सफर जारी रखती रहें।
सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि यह उत्सव हम सभी के लिए एक गौरवशाली क्षण है। कवर्धा की बेटी ने जो इतिहास रचा है वह हम सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर इतिहास रचा है। साथ ही यह भी सिद्ध कर दिया कि “हम किसी से कम नहीं”।
सांसद पांडेय ने कहा कि इस जीत की एक महत्वपूर्ण कड़ी बनी कवर्धा जिले की हमारी बेटी आकांक्षा सत्यवंशी जिन्होंने बतौर फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट भारतीय महिला टीम की खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने में अपना बहमूल्य योगदान दिया।
