खैरागढ़ पुलिस की कार्रवाई
पकडा़ गया महाराष्ट्र का गिरोह
राजनांदगांव/खैरागढ़। साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए खैरागढ़ पुलिस ने एक अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गैंग मुंबई के डोम्बिवली और कल्याण क्षेत्र में सक्रिय था जो सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिये देशभर के लोगों से ठगी कर रहा था। पुलिस ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंक दस्तावेज जब्त किए हैं।
खैरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से 5 लैपटॉप, 14 एंड्रॉइड फोन, 51 बैंक पासबुक, 51 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक और 25 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 100 से अधिक फर्जी सिम और बैंक खातों का उपयोग करते हुए लगभग 50 करोड़ रुपये से अधिक का ऑनलाइन लेनदेन किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रेंज राजनांदगांव और पुलिस अधीक्षक खैरागढ़ के निर्देशन में गठित विशेष साइबर सेल टीम द्वारा की गई।
टीम ने सात दिनों तक मुंबई में कैंप कर लगातार रैकी और तकनीकी निगरानी के बाद डोम्बिवली के दो फ्लैटों पर छापा मारा। दोनों स्थानों से 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जो ऑनलाइन ठगी और 100 बुक नामक गेमिंग-बेटिंग ऐप के संचालन में सक्रिय थे।
गिरोह का भंडाफोड़ खैरागढ़ की इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की एक छात्रा की शिकायत के बाद हुआ जिसने इंस्टाग्राम पर चिकनकारी साड़ी के फर्जी विज्ञापन से ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आईपी एड्रेस, मोबाइल नंबर और बैंक खातों का विश्लेषण कर गिरोह तक पहुंच बनाई। खैरागढ़ पुलिस की यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर खैरागढ़ लाया गया है और उनके खिलाफ संगठित अपराध एवं जुआ अधिनियम के तहत आगे की विवेचना की जा रही है।
प्रकरण में आरोपीगण गौतम परमानंद पंजाबी पिता परमानंद पंजाबी उम्र 23 वर्ष निवासी पचोरा सिंधी कॉलोनी थाना पचोरा जिला जलगांव महाराष्ट्र, पवन पिता बबन सुरूसे उम्र 25 वर्ष निवासी मनारखेड़ थाना बालापुर जिला अकोला महाराष्ट्र, विनायक पिता रामेष्वर मोरे उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 12 डबकी रोड अकोला जिला अकोला महाराष्ट्र, अमित पिता रामेष्वर मोरे उम्र 25 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 12 डबकी रोड अकोला जिला अकोला महाराष्ट्र, रामचन्द्र पिता जनार्दन चौके उम्र 21 वर्ष निवासी निवासी मनारखेड़ थाना बालापुर जिला अकोला महाराष्ट्र, अमोल पिता संतोष दिवनाने उम्र 24 वर्ष निवासी बालापुर थाना बालापुर जिला अकोला महाराष्ट्र, अभिषेक पिता संतोष डंबडे उम्र 24 वर्ष निवासी बालापुर थाना बालापुर जिला अकोला महाराष्ट्र और मनोज मुखिया पिता नंदु मुखिया उम्र 29 वर्ष निवासी हैदीवली भैरव स्थान जिला मधुबनी बिहार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 5 नग लैपटॉप, 14 नग एन्ड्राईड फोन, 51 नग बैंक पास बुक, 51 नग, एटीएम कार्ड, 15 नग चेक बुक, 25 नग सिम कार्ड जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर खैरागढ़ लाया गया। आरोपियों के विरूद्ध प्रकरण में संगठित अपराध एवं गेम्बलिंग एक्ट की धारा के तहत विवेचना की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश किया जाएगा।
