1 से 10 जनवरी तक होंगे रोमांचक मुकाबले
राजनांदगांव। संस्कारधानी के फुटबॉल प्रेमियों के लिए नए साल की शुरुआत एक बड़े खेल आयोजन के साथ होने जा रही है। राजनांदगांव फुटबॉल लीग (RFL)–2026 का आयोजन 1 से 10 जनवरी 2026 तक स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में किया जाएगा। यह फ्लड लाइट 7-ए-साइड फुटबॉल लीग का दूसरा संस्करण है, जिसमें जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस वर्ष लीग में 12 फ्रेंचाइजी टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के लिए आयोजित ऑक्शन में 182 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 144 खिलाड़ियों का चयन 12 टीमों द्वारा किया गया। आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। दर्शकों की सुविधा के लिए मुकाबलों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
ये हैं RFL की 12 फ्रेंचाइजी टीमें
इज़्जी हार्डवेयर, पद्मावती यामाहा, गुरुदेव इलेवन, अपना मार्ट योद्धाज़, काका फुटबॉल, हरि ओम ऑटो, हिन्दू युवा मंच, मॉर्निंग इलेवन, बोरिंग फुटबॉल, रीयूनाइटेड फुटबॉल, अमृत स्ट्राइकर्स एवं सुपर द स्ट्राइकर्स।
आयोजन समिति द्वारा टीमों को लॉट सिस्टम के माध्यम से दो ग्रुप में विभाजित किया गया है।
पूल ‘ए’ में अपना मार्ट योद्धाज़, हरि ओम ऑटो, रीयूनाइटेड फुटबॉल, काका फुटबॉल, पद्मावती यामाहा एवं हिन्दू युवा मंच को रखा गया है। पूल ‘बी’ में बोरिंग फुटबॉल, मॉर्निंग इलेवन, अमृत स्ट्राइकर्स, गुरुदेव इलेवन, इज़्जी हार्डवेयर एवं सुपर द स्ट्राइकर्स शामिल हैं। इससे लीग मुकाबले और अधिक प्रतिस्पर्धी व रोमांचक बनेंगे।
विजेता टीम को ₹71,000 नकद एवं कप, जबकि उपविजेता टीम को ₹41,000 नकद एवं कप प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, गोल्डन बूट, बेस्ट गोलकीपर सहित अन्य व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
आयोजन काका फुटबॉल क्लब एवं स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड के खिलाड़ियों द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि इस लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, नशे व अपराध से दूर रखना तथा जिले में फुटबॉल संस्कृति को सशक्त बनाना है। “खेलों को अपनाइए, स्वस्थ समाज बनाइए।” उक्त जानकारी आयोजन समिति के घनश्याम वर्मा (सोनू ) ने दी।
—
