सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और हिन्दू जागरण को नई दिशा देने जुटेगा सर्व हिन्दू समाज
राजनांदगांव। सनातन संस्कृति, हिन्दू एकता और सामाजिक समरसता को सशक्त करने के उद्देश्य से लखोली बस्ती में विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन रविवार 28 दिसंबर 2025 को दुर्गा चौक लखोली में आयोजित होगा जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सनातनी भाई-बहनों के शामिल होने की संभावना है।
सम्मेलन का मूल संदेश है हिन्दुत्वः सोदराः सर्वे, न हिन्दू पतितो भवेत्। मम दीक्षा हिन्दू रक्षा, मम मंत्रः समानता। अर्थात सभी हिन्दू आपस में भाई हैं कोई भी हिन्दू पतित नहीं है। हिन्दुओं की रक्षा ही संकल्प है और समानता ही हमारा मंत्र है। आयोजन समिति के अनुसार यह सम्मेलन हिन्दू समाज को संगठित कर सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता तथा सामुदायिक विकास की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज में व्याप्त विभाजन को दूर कर एकता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा। सम्मेलन के दौरान संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त होगा जिससे कार्यक्रम की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ेगी। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सेवा प्रमुख तुलसीदास मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे जो हिन्दू जागरण, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत हिन्दू जागरण से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जो सनातन परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित है। इस विशाल आयोजन के संयोजक के रूप में नगर की सक्रिय जनप्रतिनिधियों चन्द्रिका बाई साहू पार्षद वार्ड क्र. 36, रीना सिन्हा पार्षद वार्ड क्र. 31, डिलेश्वर साहू पार्षद वार्ड क्र. 35, गिरजा संतोष निर्मलकर पार्षद वार्ड क्र. 32, संतोष साहू पार्षद वार्ड क्र. 33 की महत्वपूर्ण भूमिका है।
हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति लखोली बस्ती द्वारा समस्त हिन्दू समाज से अपील की गई है कि वे सपरिवार उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं। समिति का कहना है कि जनसहभागिता से ही समाज में नई ऊर्जा, चेतना और एकजुटता का संचार संभव है। यह सम्मेलन न केवल एक कार्यक्रम है बल्कि हिन्दू समाज की एकता, आत्मसम्मान और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनने जा रहा है। यह जानकारी डॉ. लोकेश कुमार साहू ने दी।
