अणुव्रत क्षेत्रौथान समिति और कोठारी इंस्टीट्यूट का तीन दिनी आयोजन
राजनांदगांव। अणुव्रत क्षेत्रौथान समिति और कोठारी इंस्टीट्यूट ग्रुप इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में “संकल्प राजनांदगांव, स्वस्थ राजनांदगांव, समृद्ध राजनांदगांव, खुशहाल राजनांदगांव” शीर्षक से एक त्रिदिवसीय आयोजन 4, 5 और 6 नवम्बर को आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन का उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर उभरते हुए नए करियर विकल्पों की दिशा में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना है। इस अभियान के तहत “स्वनिर्माण से राष्ट्र निर्माण” नामक पाँच वर्षीय पायलट प्रोजेक्ट आरंभ किया जा रहा है, जिसका मकसद युवाओं को उच्चस्तरीय सरकारी सेवाओं, व्यावसायिक करियर और निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित नौकरियों के लिए तैयार करना है।
इस मिशन के अंतर्गत राजनांदगांव के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के साथ ज्ञान साझेदारी (Knowledge Partnership) स्थापित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट अवसरों के लिए सक्षम बनाया जा सके।
सामाजिक नेतृत्व और उद्यमिता की दिशा में पाँच प्रमुख संकल्प
“संकल्प राजनांदगांव” के अंतर्गत विद्यार्थियों में सामाजिक नेतृत्व और सामाजिक उद्यमिता की भावना विकसित करने हेतु पाँच विशिष्ट सामुदायिक सहभागिता परियोजनाएँ प्रारंभ की जा रही हैं। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को पाँच प्रमुख संकल्प दिलाए जाएंगे। नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा एवं डिजिटल डिटॉक्स, स्वच्छता एवं पर्यावरण सुरक्षा, समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, साइबर सुरक्षा एवं सतर्कता, और संविधान के मूल्यों, नैतिकता, मानवीयता एवं सद्भावना के प्रति आस्था।
राजनांदगांव के लालों की अपने नगर के प्रति प्रतिबद्धता
विशेष उल्लेखनीय है कि पीथमपुर औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष एवं कोठारी इंस्टिट्यूट ग्रुप इंदौर के संस्थापक, अणुव्रत प्रवक्ता डॉ. गौतम कोठारी तथा समूह के सीएमडी एवं अणुव्रत सेवी सुरेश कोठारी, मूल रूप से राजनांदगांव के निवासी हैं। “संकल्प झाबुआ” की सफलता के बाद अब वे अपनी जन्मभूमि राजनांदगांव को स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
कोठारी इंस्टिट्यूट ग्रुप के सीएमडी एवं अणुव्रत सेवी सुरेश कोठारी ने कहा कि “हमारा उद्देश्य केवल रोजगार देना नहीं, बल्कि एक ऐसी पीढ़ी तैयार करना है जो आत्मनिर्भर, नैतिक और सामाजिक रूप से सजग हो। राजनांदगांव की युवा शक्ति में वह क्षमता है जो पूरे देश के लिए आदर्श बन सकती है। ‘संकल्प राजनांदगांव’ उसी दिशा में एक प्रेरणादायी शुरुआत है, जिससे हमारा नगर न केवल शिक्षित बल्कि संस्कारित और समृद्ध भी बनेगा।”
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नैतिकता और सामाजिक चेतना का संचार करेगा, बल्कि राजनांदगांव को स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम सिद्ध होगा। यह जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी है।
“संकल्प राजनांदगांव” के प्रथम दिवस तीन महत्वपूर्ण सत्र
त्रिदिवसीय महाआयोजन का शुभारंभ 4 नवम्बर मंगलवार से होगा। पहले दिन नगर में तीन अलग-अलग स्थानों पर प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
पहला सत्र युगांतर पब्लिक स्कूल में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक, दूसरा सत्र शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में 12:30 बजे से 3:30 बजे तक तथा तीसरा सत्र तेरापंथ भवन में दोपहर 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों में विशेष रूप से मेघना कोठारी जैन (मोटिवेशन स्पीकर, अमेज़ॉन यू.एस.ए.), पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना एवं हाई कोर्ट न्यायाधीश गौतम चौरड़िया, गौतम कोठारी, सुरेश कोठारी की उपस्थिति रहेगी।
इन सत्रों के माध्यम से युवाओं में आत्मनिर्भरता, सकारात्मक सोच और सामाजिक चेतना के संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
