देश-प्रदेश से पहुंच रहे श्रद्धालु
राजनांदगाँव। चैत्र नवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर मां बम्लेश्वरी मंदिर सहित शहर सहित जिले के अन्य प्रमुख देवी मंदिरों में गुरुवार की शाम आस्था की ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। इस बार नौ दिवसीय नवरात्रि को लेकर मंदिर ट्रस्ट समिति ने तैयारियों को और मजबूत किया है।
मंदिर ट्रस्ट समिति ने ऊपर मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए छिरपानी शेड में बदलाव किए हैं। अब बेरिकेड्स में एक समय में केवल पांच श्रद्धालु ही प्रवेश करेंगे। साथ ही ट्रस्ट कार्यालय के समीप पुलिस कंट्रोल रूम और फायर ब्रिगेड व एम्बुलेंस के लिए अलग से रास्ता रिजर्व किया गया है। छिरपानी शेड में अन्य वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। मंदिर अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने बताया कि सीढ़ियों पर वाटर कूलर और अतिरिक्त पंखे लगाए गए हैं, ताकि गर्मी से श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। गर्मी के कारण लोग अधिकतर रात में दर्शन करने आते हैं, इसलिए रोप-वे का संचालन रात को दो घंटे बढ़ाया गया है। इसके अलावा दोपहर में भोजन अवकाश के दौरान मशीनों का मेंटेनेंस टेक्निकल टीम द्वारा किया जाएगा।
पर्व के पहले दिन मंदिरों में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। ऊपर बम्लेश्वरी मंदिर में 7,531 ज्योत प्रज्ज्वलित हुईं, नीचे मंदिर में 901 और शीतला मंदिर में 61 ज्योतें रोशन हुईं। इसके साथ ही शहर के काली मंदिर, दंतेश्वरी मंदिर, रणचंडी मंदिर, दुर्गा मंदिर, सतबहिनी मंदिर और हनुमान मंदिर में भी आस्था की ज्योति का आयोजन किया गया।
राजनांदगाँव के माँ शीतला माता मंदिर और मां पाताल भैरवी मंदिर, मां काली मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में भी नवरात्र को लेकर व्यापक तैयारियाँ की गई हैं और मंदिरों में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
