कचरा गाडि़यों और मालवाहकों में ठूंस कर उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम में लाई गईं महिलाएँ
शिवनाथ नदी तट जहाँ मोहारा मेला लग रहा है, उस रास्ते गंदगी का आलम
राजनांदगांव। स्टेट स्कूल मैदान में अब से कुछ देर में देश के उपराष्ट्रपति आ रहे हैं। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन यहाँ लखपति दीदी सम्मेलन में शामिल होंगे और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली महिलाओं का सम्मान करेंगे। बडी़ खबर यह है कि लखपति दीदी सम्मेलन में शामिल होने के लिए महिलाओं को मालवाहक में ठूंस ठुंस कर लाया जा रहा है।
आयोजन सरकारी है। ऐसे में प्रशासन को आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्था करनी चाहिए थी और आयोजन में शामिल होने आने वाली लखपति दीदीयों के लिए सवारी गाडि़यों की व्यवस्था करनी चाहिए थीं, पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। हुआ यह कि महिलाओं यानि लखपति दीदीयों को मालवाहक में ठूंस ठूंस कर लाया गया।
जिला और पुलिस प्रशासन द्वारा कुछ दिन पूर्व मालवाहक में सवारी को लेकर जिले में कई गाडि़यों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया गया था। अब उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए जिले के विभिन्न पंचायत से दर्जनों मालवाहक में सवारी लाई जा रही हैं।
हास्यपद है प्रशासन की यह व्यवस्था
एक और महिलाओं को लखपति बताया जा रहा है तो दूसरी ओर उन्हें मालवाहकों में बिठाकर लाकर भीड़ इकट्ठा किया जा रहा है। न जाने प्रशासन की कैसी सोच है कि महिलाओं को इस तरह लाकर भीड़ इकट्ठी की जा रही है।
एक तरफ चकाचक, दूसरी तरफ गंदगी
राजनांदगाँव में आज दो बड़े आयोजन हो रहे हैं। एक तरफ उपराष्ट्रपति का आगमन हो रहा है तो दूसरी तरफ शहर का चर्चित मोहारा मेला हो रहा है।। नगर निगम ने उपराष्ट्रपति के आगमन के मार्ग को चमका दिया है लेकिन मोहारा मेला जाने वाले मार्ग में गंदगी का अंबार है। शहर का नंदई क्षेत्र जहाँ से होकर ही मोहारा मेला जाया जाता है, वहां कीचड़, कचरा और दुर्गंध से पहले सामना होता है।
नेताओं के लिए लगी थीं बसें
इस महीने की पहली तारीख को राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगमन हुआ था। इस कार्यक्रम में शामिल होने जाने के लिए भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं के लिए बसों की व्यवस्था की गई थी। शहर के निजी स्कूलों के पास बसें हैं, उन बसों का अधिग्रहण कर नेता और कार्यकर्ताओं को रायपुर ले जाया गया था। ऐसी व्यवस्था महिलाओं को उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम में लाने भी किया जा सकता था, पर अफसोस, महिलाओं के हिस्से में आईं मालवाहक गाडि़याँ।
