आयुक्त और तकनीकी अधिकारियो के साथ वार्ड भ्रमण कर पाईप लाईन लिकेज की जांच करने व हैल्थ कैंप लगाने दिये निर्देश
राजनांदगांव। राजीव नगर वार्ड में नल में गंदा पानी आने तथा संक्रामक बीमारी फैलने की शिकायत पर महापौर मधुसूदन यादव आज सुबह निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा तथा तकनीकी व स्वास्थ्य अमला के साथ वार्ड का निरीक्षण कर लिकेज पाईप लाईन की जांच करने, साफ सफाई करने के साथ साथ क्लोरिन टेबलेट वितरण करने एवं हैल्थ कैंप लगाने के निर्देश दिए।
महापौर यादव राजीव नगर के गली मोहल्ले में पैदल भ्रमण कर वार्ड वासियों से रूबरू हुए और गंदे पानी आने तथा पीलिया डायरिया जैसी संक्रमक बीमारी होने संबंधी जानकारी ली। उन्होंने जल विभाग के उप अभियंता अनुप पाण्डे से गंदे पानी आने वाले क्षेत्र के पाईप लाईन की जांच करने के निर्देश दिए तथा पानी में नियमित रूप से क्लोरिंन की मात्रा चेक करने कहा। उन्होंने कहा कि गंदे पानी आने या पाईप लाईन लिकेज जैसी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें, ताकि संक्रामक बीमारी न फैले। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण के लिए हैल्थ कैंप लगाने के निर्देश दिए।
आयुक्त विश्वकर्मा ने कहा कि श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र जहां संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका होती है, वहां नियमित रूप से पाईप लाईन चेक करें, साथ ही फिल्टर प्लांट में पानी में क्लोरिन की मात्रा नियमित रूप से जांच करे, एलम का पर्याप्त भण्डारण रखें। उन्होंने कहा कि जल संयंत्रो की भी समय समय पर सफाई करें, मशीनो की मरम्मत करना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य अमला से महापौर यादव ने कहा कि वार्ड में नियमित रूप से गली, सड़क एवं नाली की सफाई करें। समय समय पर कीटनाशक दवाईयों का छिडकाव करें, गड्ढे में भरे पानी की कच्ची नाली खोदकर निकासी कराएं तथा क्लोरिन टेबलेट का वितरण करें। उन्होंने कहा कि श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र एवं सघन बस्ती में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, मौसमी एवं संक्रामक बीमारी से बचने समझाईश दी जाए, साथ ही स्वच्छता अभियान चलाकर समुचित साफ सफाई की जाए।
महापौर के निर्देश पर आज ही वार्ड में स्वास्थ्य विभाग एवं एमएमयू के माध्यम से हैल्थ कैप लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा वार्ड में समुचित साफ सफाई कर क्लोरिन टेबलेट का वितरण किया गया। साथ ही पाईप लाईन लिकेज के संभावित स्थल पर आज निगम के जल विभाग के अमला द्वारा खोद कर जांच एवं सुधार कार्य किया गया तथा पीएचई विभाग को पानी की सेम्पल की जांच करने भेजने के अलावा निरंतर मानिटरिंग की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पार्षद अमृता सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन, पार्षद प्रतिनिधि राजेश यादव सहित वार्डवासी एवं निगम का तकनीकी व स्वास्थ्य अमला उपस्थित था।
