हिड़मा और उसकी पत्नी सहित छह नक्सलियों के मारे जाने की खबर
हाल ही में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ने हिड़मा की मां से उसके गांव पूवर्ति में की थी मुलाकात
राजनांदगाँव। नक्सल मोर्चे पर फोर्स को बडी़ कामयाबी मिली है। आंध्रप्रदेश की स्पेशल ग्रेहाउंड फोर्स ने एक करोड़ रूपए के इनामी नक्सली माडवी हिड़मा सहित छह माओवादियों को मार गिराया है।
छत्तीसगढ़ और आंध्रप्रदेश की सीमा पर आंध्रप्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले के मारेदुमिल्ली इलाके में चल रहे ऑपरेशन में अब तक 6 नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ में कुख्यात कमांडर माडवी हिड़मा, उसकी पत्नी राजे और सब जोनल कमेटी मेंबर (SZCM) टेक शंकर भी ढेर किया गया है। सूत्रों के अनुसार फोर्स ने इस ऑपरेशन में CPI (माओवादी) की PLGA बटालियन नंबर 1 के प्रमुख और केंद्रीय समिति सदस्य माडवी हिड़मा (43) को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में उसे केंद्रीय समिति (CCM) का सदस्य भी बनाया गया था। उस पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था और वह 200 से 250 हथियारबंद नक्सलियों के साथ चलता था।
माडवी हिड़मा का असली नाम संतोष था। वह नक्सल संगठन CPI (माओवादी) का सबसे कुख्यात और घातक कमांडर माना जाता था। वह कम से कम 26 बड़े और जानलेवा नक्सली हमलों के लिए ज़िम्मेदार था जिनमें 2013 का दरभा घाटी नरसंहार और 2017 का सुकमा हमला शामिल है। 1981 में सुकमा जिले के पूवर्ति गांव में जन्मा हिड़मा माओवादियों की सबसे खतरनाक लड़ाकू इकाई पीएलजीए बटालियन नंबर 1 का प्रमुख था। वह लंबे समय से सुरक्षा बलों की निगरानी में था।
यह भी गौर करने वाली बात है कि हाल ही में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने पूवर्ति गांव में हिड़मा और बारसे देवा की मांओ से मुलाकात की थी और उनसे कहा था कि वे दोनों अपने बेटों को समझाएं कि वे नक्सलवाद का रास्ता छोड़कर मुख्य धारा में लौट आएं। दोनों नक्सलियों की मांओं ने भी पुनर्वास की अपील की थी। गृहमंत्री शर्मा सहित बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी और अन्य अफसरों ने दोनों नक्सलियों की मांओं के साथ भोजन भी किया था।
