वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने कहा- भगवान शिव, भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी की उपासना के लिए शुभ
राजनांदगांव। नगर निगम के वरिष्ठ भाजपा पार्षद शिव वर्मा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का पर्व धार्मिक आस्था, श्रद्धा और पुण्य का प्रतीक है। यह दिन भगवान शिव, भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी की उपासना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान कर दीपदान करते हैं जिससे मोक्ष की प्राप्ति और जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।
वर्मा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का संहार किया था जिससे देवताओं को मुक्ति मिली। इसीलिए यह दिन भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा या अन्य पवित्र नदियों में स्नान करने और दीपदान करने का अत्यंत महत्व है। ऐसा करने से व्यक्ति के पाप नष्ट होते हैं और जीवन में शांति व समृद्धि आती है।
इस दिन का एक और विशेष महत्व यह भी है कि इसी दिन सिखों के प्रथम गुरु, गुरु नानक देव जी का जन्मदिवस भी मनाया जाता है। देशभर में श्रद्धालु इस पावन अवसर को अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कार्तिक पूर्णिमा के इस पवित्र पर्व पर सभी श्रद्धालु दीपदान करें जरूरतमंदों की सेवा करें और समाज में प्रेम व भाईचारे का संदेश फैलाएं।
