पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में सक्रिय हुई पुलिस
राजनांदगांव। पुलिस द्वारा जिले के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस–जन संवाद को सशक्त बनाने एवं जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से “चलित थाना-संवाद अभियान” की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा।
पुलिस और पब्लिक के मध्य विश्वास और संवाद स्थापित करना इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य होगा। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी गांव-गांव जाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद स्थापित करेंगे, जिससे समाज में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों एवं पुलिस के मध्य दोनों दिशाओं में प्रभावी सूचना के आदान-प्रदान को सुनिश्चित करना है।
यह योजना जिले के समस्त ग्रामीण थानों में ग्रामवार तथा नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्रों में वार्डवार लागू की जाएगी। इस कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्य गांवों में उत्पन्न होने वाले आपसी झगड़ों एवं विवादों का प्राथमिक स्तर पर समाधान करना, यदि दो पक्षों के मध्य विवाद की स्थिति है, तो संवाद के माध्यम से उसे सुलझाने का प्रयास करना, गांवों में घटित हो रही अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, सट्टा, अवैध शराब आदि के संबंध में जानकारी संकलित करना, 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों, जो अपराध की ओर अग्रसर हो रहे हैं, उनकी पहचान एवं समय रहते रोकथाम करना, इस उद्देश्य से शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों से संवाद स्थापित कर ऐसे बच्चों की पूर्व जानकारी प्राप्त करना, निगरानी रखना तथा उन्हें समझाइश देना, ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाना, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम करना और गांवों में आने वाले फेरीवालों, बाहरी व्यक्तियों तथा गांव के बाहर अड्डेबाजी करने वाले संदिग्ध युवकों के संबंध में जानकारी एकत्र करना होगा।
अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी से लेकर आरक्षक स्तर तक के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी गांवों का भ्रमण करेंगे। विशेष रूप से चिन्हित संवेदनशील गांवों में थाना प्रभारी का स्वयं जाना अनिवार्य किया गया है, ताकि प्रभावी निगरानी, संवाद एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस हेतु थाना के संपूर्ण ग्रामों का रोस्टर बनाया गया है जहाँ प्रतिदिवस जाना अनिवार्य होगा। थाना क्षेत्र के संपूर्ण ग्राम इस योजना के तहत कवर किये जाएँगे।
राजनांदगांव पुलिस का यह अभियान जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं दूरगामी पहल है।
