जिला क्रिकेट एसोसिएशन के लिए गौरव का क्षण
राजनांदगांव। बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंतरराज्यीय सीनियर महिला वनडे चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। इस ऐतिहासिक सफलता के साथ ही जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव की होनहार खिलाड़ी महक नरवासे का चयन सेंट्रल जोन की टीम में दूसरी बार हुआ है, जिससे जिले में हर्ष का वातावरण है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश क्रिकेट संघ की महिला टीम ने अपने सभी सातों लीग मुकाबले जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप में शीर्ष स्थान प्राप्त करने के बाद टीम ने नॉकआउट राउंड में मुंबई जैसी मजबूत टीम को पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 26 तारीख को टीम सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी।
लीग मैचों में राजनांदगांव की महक नरवासे, नेहा बड़वाईक एवं कुमुद साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राजनांदगांव की जूनियर महिला खिलाड़ी महक नरवासे के प्रभावशाली ऑलराउंड प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने उन्हें लगातार दूसरी बार सेंट्रल जोन की टीम के लिए चुना है। आगामी माह देश के पांचों जोन की टीमें वनडे क्रिकेट प्रतियोगिता की प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की कप्तान कीर्ति गुप्ता भी महक नरवासे के साथ सेंट्रल जोन टीम में शामिल की गई हैं।
हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी झूलन गोस्वामी ने महक नरवासे से मुलाकात कर उनके उत्कृष्ट खेल की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन राजनांदगांव के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि लगातार दूसरे वर्ष जिले की खिलाड़ी सेंट्रल जोन टीम में चयनित हुई है। इससे जिले की युवा महिला खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और महिला क्रिकेट को नई दिशा प्राप्त होगी।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता लक्ष्मण लोहिया ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए सम्मान की बात है और भविष्य में भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
जिला क्रिकेट एसोशिएशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी, सचिव योगेश बागड़ी ने कहा कि महक नरवासे की यह उपलब्धि बताती है कि छोटे शहरों की बेटियां भी यदि समर्पण और मेहनत से आगे बढ़ें तो राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं।
