कांग्रेस और युवक कांग्रेस ने महापौर मधुसूदन यादव और अभिषेक सिंह का पुतला दहन किया
गंदा पानी गिलास में लेकर अधिकारियों को भेंट किया
वाटर वर्क्स में चल रही थी ठेकेदारों की पार्टी
राजनादगांव। शहर में गंदे पानी की सप्लाई मामले में आज युवा कांग्रेस और कांग्रेस पार्षद दल के संयुक्त तत्वावधान में मोहारा स्थित रानी ज्योतकुंवर देवी वाटर संयंत्र का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसी नेताओं ने गंदा पानी गिलास में लेकर प्रदर्शन किया। नेताओं ने कहा कि उन्होंने घोषित महापौर मधुसूदन यादव और अघोषित महापौर जिनके निर्देश पर निगम चलता है अभिषेक सिंह का पुतला दहन किया।
मौके पर उपस्थित पुलिस बल और तहसीलदार से झूमझटकी भी हुई। इसके बाद निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। निगम के प्रभारी ई प्रणय मेश्राम से जब कांग्रेसी नेताओं, पार्षदों, पूर्व पार्षदों ने जब प्लांट दिखाने कहा तो मेश्राम ने कहा कि आपको प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं ले जा सकता।
जब कांग्रेसी नेताओं ने युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी और नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के नेतृत्व में जबरन अन्दर घुसने का प्रयास किया और अंदर पहुंचकर देखा कि वहां ठेकेदारों की पार्टी चल रही है। द्विवेदी ने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्टी की परमिशन किसने दी।
महापौर प्रत्याशी और युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव निखिल द्विवेदी ने कहा कि पूरा शहर में गंदे पानी की
सप्लाई की जा रही जिससे हमारे शहर की, वार्ड की जनता डायरिया, पीलिया जैसी बीमारी से ग्रसित हो रही है। जिस कंपनी तेजस को इसका ठेका दिया गया था वो भाग गई। ऐसे भगोड़े ठेकेदार पर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई न एफआईआर दर्ज की गई। द्विवेदी ने कहा हमने आज घोषित महापौर मधुसूदन यादव व अघोषित महापौर अभिषेक सिंह जो रायपुर से बैठकर निगम चला रहे हैं दोनों का पुतला जलाया। गंदा पानी लेकर प्रदर्शन किया कि जो जनता आप लोगो की वजह से बीमार हो रही वो पानी इन नेताओं अधिकारियों को पीना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक साफ पानी जनता को नही सप्लाई होगा कांग्रेस लगातार आंदोलन करते रहेगी।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि भाजपा नेताओं की सेटिंग से ठेकेदार को भगवाया गया है जिससे ये 17 लाख महीने का टेंडर निगम चला सके और सत्ता में क़ाबिज़ जनप्रतिनिधियों को मोटा पैसा मिल सके। एक तरफ जनता गंदे और पर्याप्त पेयजल की समस्या से ग्रसित है। न पर्याप्त फिटकरी मिलाई जा रही है न ही कोई मशीन काम कर रही है। दूसरी तरफ प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्टी का आयोजन चल रहा है। कोई 1 लीटर जहर भी यदि इस स्थान में घोल दे तो हजारों लाखों लोगों की जान भी जा सकती है। इस पर जिम्मेदार अधिकारियों पर ठोस से ठोस कार्यवाही होनी चाहिए। कांग्रेसी सड़क से सदन की लड़ाई लड़ते रहेंगे। इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने हड़बड़ाहट में ठेकेदारों की पार्टी रुकवाया और उन्हें वहां से हटाया।
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से महापौर प्रत्याशी निखिल द्विवेदी, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले नेता, उप प्रतिपक्ष मुकेश साहू, पार्षद छोटेलाल रामटेके, पूर्व पार्षद अवधेश प्रजापति, पूर्व पार्षद शरद पटेल, गणेश पवार, पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री, पूर्व पार्षद राकेश रावडे, केशव पटेल , रूपेश साहू, केवल साहू, ईश्वर निषाद, कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा, राजा यादव, सौरभ तिवारी, जहीन खान, विनोद, बम भोला, परमानंद वर्मा, विपिन, सफी भाई, रीना पटेल, संगीता साहू, ललिता साहू,
युगल साहू, राहुल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
